Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ''सरकार जनसंख्या नीति बनाकर उसे समान रूप से सभी पर लागू''

    By Gunateet OjhaEdited By:
    Updated: Sun, 02 Nov 2014 07:23 PM (IST)

    युवा संकल्प शिविर में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करने आए सरसंघचालक मोहन भागवत रविवार को शहर के प्रबुद्धजनों से रूबरू हुए।

    अधीश नगर (आगरा), जागरण संवाददाता। युवा संकल्प शिविर में स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन करने आए सरसंघचालक मोहन भागवत रविवार को शहर के प्रबुद्धजनों से रूबरू हुए। ढेरों जिज्ञासा भरे सवालों पर उनके जवाब भारतीयता के इर्द-गिर्द ही रहे। भाजपा सरकार के कामकाज में दखल से साफ इंकार किया, लेकिन सलाह दी कि सरकार जनसंख्या नीति बनाकर उसे समान रूप से सभी पर लागू करे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रुनकता स्थित आस्था सिटी (पं. दीनदयाल उपाध्याय परिसर) में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के युवा संकल्प शिविर का रविवार को दूसरा दिन था। ब्रज प्रांत (आगरा, अलीगढ़, बरेली मंडल) के महाविद्यालयों से आए हजारों छात्रों को मार्गदर्शन देने से पहले सुबह आठ बजे उन्होंने शहर के प्रबुद्धजनों से मुलाकात की। कभी संघ, कभी सरकार, कभी आरक्षण तो कभी किसी मुद्दे पर उनसे सवाल होते रहे।

    एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि देश के संसाधन और जनसंख्या के आधार पर नीतियां बनती हैं। सरकार को जनसंख्या नीति बनाकर हर वर्ग पर समान रूप से लागू करना चाहिए। नीति न बने, तब तक यह जिम्मेदारी परिवार की है। जरूरी यह है कि बच्चे की परवरिश अच्छी तरह से हो। परिवार की जरूरत और स्थिति के मुताबिक संतान पैदा करनी चाहिए। मां के स्वास्थ्य का भी ध्यान रखना होगा।

    भाजपा सरकार के कामकाज में संघ के दखल के प्रश्न पर सरसंघचालक का कहना था कि सरकार स्वतंत्र रूप से संविधान के मुताबिक काम करती है। नीतियों में हमारा कोई दखल नहीं होता। चूंकि भाजपा हमारे साथ है, इसलिए सिर्फ गुणवत्ता और अनुशासन पर नजर रहती है। किसको आरक्षण, कब तक और किस आधार पर मिले? इस पर सरसंघचालक ने कहा कि आरक्षण समाज से विषमता मिटाने के लिए है, विषमता बढ़ाने के लिए नहीं।

    भागवात ने कहा कि समाज की मानसिकता बदलने की जरूरत है। संघ यही काम कर रहा है। संघ किसी से भेदभाव नहीं करता। सभी से दोस्ती करना सिखाता है। हम भारतीयता की बात करते हैं।

    पढ़ेंः फडणवीस के बाद गडकरी भी मिले भागवत से