Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नागपुर में प्रधानमंत्री को दिखाए काले झंडे

    By Edited By:
    Updated: Thu, 21 Aug 2014 07:33 PM (IST)

    प्रधानमंत्री मोदी ने नागपुर में मेट्रो रेल परियोजना के शिलान्यास के दौरान प्रधानमंत्री को काले झंडे दिखाए। सूत्रों के अनुसार झंडा दिखाने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि विकास के लिए बिजली जरूरी है।

    नागपुर। प्रधानमंत्री मोदी ने नागपुर में मेट्रो रेल परियोजना के शिलान्यास के दौरान प्रधानमंत्री को काले झंडे दिखाए। सूत्रों के अनुसार झंडा दिखाने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि विकास के लिए बिजली जरूरी है। सरकार ने गांव-गांव में चौबीस घंटे बिजली पहुंचाने का संकल्प लिया है और इसे पूरा करने के लिए हम जी-जान से जुटे हुए हैं। मोदी ने कहा कि बिजली न मिलने के कारण किसान आत्महत्या करने की स्थिति तक पहुंच जाता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    प्रधानमंत्री मोदी ने नागपुर में मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास करते हुए किसानों की दुर्दशा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसानों को जन-धन योजना से लाभ मिलेगा। बिजली से पानी की समस्या का समाधान होगा और किसान आत्महत्या नहीं करेंगे।

    मोदी ने कहा कि हमें हर तरह के संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन की कोशिश करेंगे। मोदी ने जोर देकर कहा कि अगर कूड़े-कचरे से भी बिजली पैदा होती है, तो ऐसा भी किया जाएगा। मोदी ने कहा कि बिजली से न केवल अंधेरा दूर होगा, बल्कि नौकरियां भी पैदा होंगी। मोदी ने जनता को बिजली बचत का संदेश भी दिया।

    इससे पहले, रांची में प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हूटिंग का सामना करना पड़ा। सोरेन कार्यक्रम में बोलने के लिए मंच पर जैसे ही खड़े हुए, लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए। हेमंत सोरेन के खिलाफ हूटिंग इतनी जबरदस्त थी वह अपनी बातों को रख भी नहीं पा रहे थे।

    हालांकि हेमंत सोरेन ने मंच से ही लोगों से अनुरोध किया कि वे कार्यक्रम की गंभीरता को समझें, लेकिन आम लोग और भाजपा कार्यकर्ता अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों में उन्हें शांत रहने का निर्देश दिया, लेकिन मोदी-मोदी के सुर शांत नहीं हो रहे थे। कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री के साथ मंच साझा कर रहे हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के खिलाफ भी हूटिंग हुई थी।

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को यहां कई योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास और उद्घाटन करने के बाद जनता को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में आगे बढ़ने की ताकत है और योजनाओं के जरिए यहां का विकास किया जा सकता है। झारखंड की मौजूदा स्थिति हमें मंजूर नहीं है और हमें इसे मिलजुल कर बदलना है।

    प्रभात तारा मैदान में आयोजित सभा में मोदी ने कहा कि यहां के लोगों द्वारा दिए गए प्यार को वे ब्याज सहित वापस लौटाएंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी ने यहां थर्मल प्रोजेक्ट का शुभारंभ किया था लेकिन तब से यह काम अटका हुआ था। अब मेरे ही भाग्य में इस काम को आगे ले जाने का जिम्मा है। इस प्रोजेक्ट से झारखंड पूरे देश का अंधेरा दूर करेगा।

    मोदी ने कहा कि झारखंड में गुजरात से भी आगे निकलने की क्षमता है। जिस राच्य के पास इतनी खनिज संपदा हो, जिस राच्य के पास ऐसे नौजवान हों, जिस राच्य के पास बिरसा मुंडा जैसे महापुरुष रहे हों वो राज्य, पीछे रहने के लिए पैदा हुआ ही नहीं है। अटल जी ने इस राज्य को बनाकर एक सपना देखा था।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि यहां की बिजली जब देश के कोने-कोने में पहुंचेगी तब झारखंड की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। दिल्ली की सरकार हर राज्य का विकास चाहती है। कल कैबिनेट में इसे ही ध्यान रखते हुए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया, खनिज रॉयल्टी में बढ़ोतरी का। इससे झारखंड को करीब 400 करोड़ रुपये का फायदा होगा। इस काम के लिए कभी हेमंत सोरेन को मेरे पास आना नहीं पड़ा। हम झारखंड के विकास के प्रति कृतसंकल्प हैं।

    मोदी ने कहा कि अब गैस सिलेंडर के लिए माताओं-बहनों को इंतजार नहीं करना होगा। हम पाइपलाइन के जरिए घर-घर गैस पहुंचाएंगे। चाहे वो रांची हो बनारस, गोरखपुर, कोलकाता या फिर जमशेदपुर हो। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता देश के सामने सीना तान कर खड़ा हो सकती है।

    उन्होंने कहा कि रांची में ट्रिपल आइटी का काम भी हम जल्द शुरू करना चाहते हैं। पंद्रह अगस्त को लाल किले के प्राचीर से हमने एक बात कही थी डिजिटल इंडिया की। मोबाइल अगर डिस्कनेक्ट हो जाए, बैटरी अगर खत्म हो जाए तो झारखंड के लोग भी पेरशानी महसूस करते हैं। सरकार दिल्ली में न हो सरकार रांची में न हो सरकार हिन्दुस्तान के नागरिक की हथेली में हो यह काम है डिजिटल इंडिया का। आपकी हथेली में पूरी की पूरी सरकार लाई जा सकती है। इस काम को हमें करना है। भारत इसमें पीछे है लेकिन कहीं से तो शुरुआत करनी चाहिए। इसलिए डिजिटल इंडिया का सपना पूरा करने के लिए लाखों करोड़ों की लागत से यह काम हम करना चाहते हैं।

    मोदी ने कहा कि सरकार के किसी पुर्जे तक आम आदमी पहुंच जाए ऐसी व्यवस्था हो। जैसे गैस पाइप से गैस और पानी के पाइप से पानी मिलता है वैसे ही डिजिटल इंडिया के माध्यम से आदमी को सूचनाएं मिलेंगी। इसमें नेटवर्क को और अधिक ताकतवर बनाया जाएगा। इसका परिणाम होगा कि झारखंड भी डिजिटल इंडिया में जगह बना लेगा।

    उन्होंने कहा कि ये सरकार इतनी तेज गति से क्यों चल रही है। ये इसलिए कर पा रही है कि देश की जतना ने पूर्ण बहुमत के साथ दिल्ली में सरकार को चुना है। यदि हमें भी पूर्ण बहुमत न मिला होता और गठजोड़ होता तो हम इस प्रकार एक के बाद एक कदम नहीं उठा पाते। पूर्ण बहुमत का महत्व मैं समझता हूं और झारखंड के लोग भी समझते हैं।

    उन्होंने कहा कि झारखंड अब एक महत्वपूर्ण उम्र के दौर से गुजर रहा है। झारखंड की उमर हो गई है तेरह या चौदह साल। परिवार में भी बच्चे जब इस उम्र के हो जाते हैं तो लोग उनकी चिंता करते हैं, क्योंकि ये उम्र ऐसी होती है कि उसमें बेटा या बेटी के जीवन में जो होगा उसी के धरोहर पर पूरी जिंदगी बनती है। वैसा ही महत्व राज्य के जीवन में भी होता है और इसलिए अब झारखंड उस महत्वपूर्ण उम्र के दौर में प्रवेश करता है। आपको तय करना है कि जब झारखंड अठारह साल का हो तो उसे कैसा होना चाहिए। इस महत्वपूर्ण समय में झारखंड कैसा हो इस पर समझने का समय यहां की जनता के पास आया है। इसलिए नए सपने नई ऊर्जा को प्राप्त करने लिए सवा तीन करोड़ जनता देश के सामने सीना तान के खड़ी हो सकती है।

    सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उठाए जाएंगे कदम

    इससे पहले केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कई कदम उठाए जाएंगे और पर्यावरण की बेहतरी के लिए काम होगा। उन्होंने कहा कि धनबाद स्थित झरिया की आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शौचालय निर्माण के लिए खनन कंपनियां सीसीएल और बीसीसीएल आगे आएंगी।

    लोगों को रोजगार मिलेगा

    उद्घाटन के अवसर पर केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क से जुड़ने से कई लोगों को रोजगार मिलेगा। गांवों तक सूचना तकनीक पहुंचने में मदद मिलेगी।

    तीन भाजपा विधायक कुर्सी से गिरे

    वहीं, दूसरी ओर कार्यक्रम स्थल पर मोदी को सुनने पहुंचे तीन भाजपा विधायक कुर्सी से गिर पड़े। कुर्सी से गिरने वाले विधायक उमा शंकर अकेला, बडकुंवर गागराई और अरुण मंडल हैं।

    राज्यपाल व मुख्यमंत्री भी मौजूद

    मंच पर राज्यपाल सैयद अहमद, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के अलावा केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, पीयूष गोयल, धर्मेद्र प्रधान, सुदर्शन भगत और सांसद रामटहल चौधरी भी मौजूद थे।

    झारखंड को मिले तोहफे

    -पॉवर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के 765 केवीए की रांची-धर्मजयगढ़ ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन।

    -एनटीपीसी के 660गुणा 3 मेगावाट उत्तरी कर्णपुरा थर्मल प्रोजेक्ट का शुभारंभ।

    -इंडियन ऑयल के जसीडीह आयल टर्मिनल राष्ट्र को समर्पित।

    -नेशनल डिजिटल लिट्रेसी मिशन की लांचिंग।

    -साफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क रांची केंद्र की नई एक्यूवेशन सुविधा की आधारशिला रखी।

    -नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रानिक एंड इंफार्मेशन टेक्नोलॉजी की शाखा का ऑनलाइन शिलान्यास।

    पढ़ें: मोदी के साथ मंच साझा नहीं करेंगे महाराष्ट्र के सीएम

    पढ़ें: मोदी को समंदर तक पहुंचा आएंगे