यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सौ करोड़ में मिलती है राज्यसभा की सीट
दिल्ली में पांच रुपये और मुंबई में 12 रुपये में भरपेट भोजन संबंधी बयानों से अभी कांग्रेस दो-चार हो ही ...और पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में पांच रुपये और मुंबई में 12 रुपये में भरपेट भोजन संबंधी बयानों से अभी कांग्रेस दो-चार हो ही रही थी कि पार्टी के एक अन्य नेता की टिप्पणी ने उसकी फजीहत करा दी है। केंद्रीय मंत्री का पद ऐन मौके पर छूटने से नाराज हरियाणा के दिग्गज कांग्रेसी नेता चौधरी बीरेंद्र सिंह का जब दर्द छलका तो पार्टी नेतृत्व को ही टीस दे गया। मंत्री पद काबिलियत से नहीं बल्कि दान से और राज्यसभा की सीट 100 करोड़ रुपये में मिलने का बयान देकर चौधरी बीरेंद्र ने विपक्षी दलों को हमले का मौका दे दिया। नतीजतन कांग्रेस इस बयान पर बगले झांकतीं नजर आई। वहीं खुद बीरेंद्र सिंह ने सफाई पेश कर दी। हालांकि वह पार्टी की छवि पर खरोंचें छोड़ गए।
पढ़ें: 20 रुपये में आठ लोगों को भरपेट खाना
मनमोहन सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाले इन विस्फोटक बयानों के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के समर्थकों ने चौधरी बीरेंद्र सिंह के खिलाफ दबाव और बना दिया है। हुड्डा और चौधरी के बीच छत्तीस का आंकड़ा बताया जाता है। अपने रेल मंत्री पद का पत्ता कटने के लिए बीरेंद्र सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को ही जिम्मेदार ठहराया है। फिलहाल वह 20 अगस्त को जींद में एक बड़ी रैली के जरिये शक्ति प्रदर्शन की तैयारियों में जुटे हैं। इसी रैली की तैयारियों के दौरान अपने समर्थकों के बीच बीरेंद्र का दर्द फूट पड़ा।
पढ़ें: जिस पंचायत से 80 फीसद वोट मिलेंगे उसे दूंगा एक करोड़
कांग्रेस में भ्रष्टाचार की तरफ इशारा करते हुए राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह ने कहा कि 'मैं प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में पहले पायदान पर हूं, लेकिन कुर्सी सिर्फ पायदान से नहीं अन्य दानों से मिलती है।' हालांकि, यह दान क्या है, उन्होंने स्पष्ट नहीं किया। अलबत्ता इस बयान से मनमोहन सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर उन्होंने जरूर सवाल उठा दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता बिकने के आरोपों की भी पुष्टि की। बकौल चौधरी, 'आप सोचिये कि एक व्यक्ति जो 80 करोड़ या 100 करोड़ रुपये खर्च कर राज्यसभा की सदस्यता पाने में सफल हो जाता है, वह गरीबों के लिए क्या करेगा।'
पढ़ें: दिल्ली में तो 5 रुपये में ही मिल जाता है भरपेट खाना
पूर्व कांग्रेस महासचिव के इस बयान पर भाजपा ने जहां हमला बोलने में देरी नहीं की वहीं कांग्रेस भी तुरंत बचाव में उतर आई। भाजपा प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस नेता बीरेंद्र सिंह ने जो बात कही है, उससे जाहिर है कि कांग्रेस पूरी तरह भ्रष्ट है। लोग इस बात को पहले से ही जानते हैं, लेकिन चौधरी बीरेंद्र सिंह के बयान ने इसे साबित कर दिया है।
वहीं, कांग्रेस सांसद पीएल पुनिया ने कहा कि राज्यसभा में लोग अपनी समाजसेवा के दम पर आते हैं। उनमें बहुत से तो ऐसे होते हैं जो 1 लाख रुपये तक नहीं दे सकते, 100 करोड़ तो दूर की बात है। फिर भी, अगर उन्हें किसी विशेष मामले की जानकारी है तो इस बारे में वही कुछ बता पाएंगे। कांग्रेस प्रवक्ताओं ने भी इस मसले पर कुछ बोलने से इन्कार कर दिया। विवाद बढ़ता देख चौधरी बीरेंद्र सिंह अपने बयान से पलट गए और कहा कि उनके बयान का गलत मतलब निकाला गया। उन्होंने कहा कि मेरे कहने का मतलब यह था कि कुछ ऐसे भी लोग हैं जो राजनीति में प्रवेश के लिए करोड़ों रुपये भी खर्च कर सकते हैं। मैंने यह भी कहा था कि यदि ऐसे लोगों का प्रभाव रहा तो गरीबों के मुद्दे उठाने वाले लोगों की आवाज दब जाएगी।
बयान
'मुझसे एक व्यक्ति ने कहा कि राज्यसभा सदस्य बनने के लिए मेरा बजट 100 करोड़ रुपये का था, लेकिन मेरा काम 80 करोड़ रुपये में ही हो गया। मैंने 20 करोड़ रुपये बचा लिए।'
सफाई
'मेरा कहने का तात्पर्य यह था कि नए राजनीतिक वर्ग का दौर आ गया है। धन बल वाले लोग लोकसभा एवं राज्यसभा में प्रवेश कर रहे हैं। मैंने एक समाचार पत्र से आंकड़े दिए थे।'
- चौधरी बीरेंद्र सिंह
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर