यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 30, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जिस पंचायत से 80 फीसद वोट मिलेंगे उसे दूंगा एक करोड़
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से कहा, 'यदि किसी पंचायत क्षेत्र से उन्हें ...और पढ़ें

जयपुर [जागरण संवाददाता]। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं से कहा, 'यदि किसी पंचायत क्षेत्र से उन्हें अस्सी फीसदी वोट मिलते हैं तो पंचायत को मेरी तरफ से एक करोड़ रुपये मिलेंगे। इसी तरह बूथ शत-प्रतिशत मेरे पक्ष में निकलेंगे तो 50 लाख रुपये मिलेंगे।'
शेखावत सीकर जिले के महरोली गांव में नव क्रमोन्नत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
इस घोषणा पर विवाद बढ़ने की आशंका को भांपकर स्पष्टीकरण देते हुए शेखावत ने कहा, मेरा मतलब जेब से पैसा देना नहीं था। यह राशि सरकारी कोष से विकास के लिए दी जाएगी। जनता काम के आधार पर वोट दे, मैंने क्षेत्र में काफी काम कराए हैं।
शेखावत के इस बयान पर प्रदेश में बवाल मच गया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुमित्रा सिंह ने कहा कि सम्मानजनक पद पर बैठे व्यक्ति को इस तरह का सार्वजनिक बयान नहीं देना चाहिए। यह निंदनीय है।
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता ज्योति किरण ने कहा कि शेखावत ने विधानसभा अध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद की गरिमा के विपरीत बयान दिया है, उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए। सपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित रामकिशन ने कहा कि शेखावत अपनी स्थिति स्पष्ट करें।
समारोह में मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि शेखावत ने विकास कार्य तो कराए हैं, लेकिन वे हमेशा ही कहते है कि आगे काम तभी कराऊंगा जब मुझे वोट दोगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर