अमेठी में लगे राहुल मुर्दाबाद के नारे
कांग्रेस उपाध्यक्ष सांसद राहुल गांधी से मिलने मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल केगेस्ट हाउस गई महिलाएं उस समय उग्र हो गई, जब राहुल गांधी की ओर से मिलने का समय नहीं मिला। महिलाओं ने राहुल और उनके प्रतिनिधि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अमेठी [जागरण संवाददाता]। कांग्रेस उपाध्यक्ष सांसद राहुल गांधी से मिलने मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल केगेस्ट हाउस गई महिलाएं उस समय उग्र हो गई, जब राहुल गांधी की ओर से मिलने का समय नहीं मिला। महिलाओं ने राहुल और उनके प्रतिनिधि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इन महिलाओं ने चुनाव से पूर्व भी राहुल गांधी को गौरीगंज स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर काले झंडे दिखाए थे।
शुक्रवार को बिजली संबंधी समस्याओं को लेकर जनकल्याण समिति की अध्यक्ष रीता सिंह की अगुआई में राहुल गांधी से मिलने संजय गांधी अस्पताल के गेस्ट हाउस पहुंची थी। राहुल ने मिलने से मना कर दिया तो वह भड़क गई। महिलाओं ने राहुल मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। महिलाओं ने सांसद प्रतिनिधि चंद्रकांत दूबे के खिलाफ भी नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह तभी शांत हुई जब उन्हें यह मालूम हुआ कि राहुल गांधी अस्पताल के दूसरे रास्ते से मुसाफिरखाना के लिए जा चुके हैं। रीता सिंह का आरोप है कि बिजली की समस्या को लेकर राहुल से लगभग साल भर पूर्व भी मांग की गई थी, लेकिन अब तक गांवों का विद्युतीकरण नहीं हो सका।