राहुल का केंद्र पर वार, कहा-उद्योगपतियों की सरकार चला रहे हैं मोदी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को यहां एक चुनावी जनसभा में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा और पूर्व की यूपीए सरकार की तारीफ की। उन्होंने हरियाणा में हुड्डा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यो को गिनाया।
फिरोजपुर झिरका। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को यहां एक चुनावी जनसभा में केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा और पूर्व की यूपीए सरकार की तारीफ की। उन्होंने हरियाणा में हुड्डा सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यो को गिनाया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी उद्योगपतियों की सरकार चलाते हैं, गरीबों की नहीं। मोदी कहते हैं कि अमेरिकी कंपनियां भारत में निवेश करना चाहती हैं। खासकर अस्पताल और मेडिकल कंपनियां। वे देश में अपनी दवाइयां बेचना चाहती हैं। दूसरों की जेब भरने के लिए आप अपनों की जेब ढीली करा रहे, जबकि इलाज कराने वालों में ज्यादातर तबका गरीब है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिका यात्रा से पहले डायबिटीज की दवाई भी महंगी हो गई।
राहुल ने यहां एक नया नारा दिया-जय जवान, जय किसान, जय पहलवान। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने देश को विश्वस्तरीय पहलवान दिए हैं। सरकार ने खेल को प्रोत्साहन देने के लिए अच्छे कार्य किए हैं। हमें हरियाणा में कांग्रेस सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्यो पर गर्व है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश जीडीपी और दुग्ध उत्पादन में देश में पहले नंबर पर है। मोदी जी कहते हैं कि देश में पिछले 60 साल में कुछ नहीं हुआ, जो देश किसानों और मजदूरों का अपमान है।
इससे पहले मेवात में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मोदी हरियाणा में विकास की बात करते हैं। कुछ दिन पहले ही प्रधानमंत्री जी को अमेरिका जाना था। अमेरिका की कंपनियों ने कहा कि हमें अपनी दवाई आपके यहां बेचनी है। हुआ क्या, जो गरीब लोग दवाई खाते हैं वो महंगी हुई। कैंसर की दवाई 8000 की होती थी, एक लाख से ज्यादा की हो गई।
हरियाणा वासियों को कांग्रेस ने मुफ्त इलाज की सुविधा दी है। 600 तरह की दवाइयां मुफ्त में उपलब्ध कराई जाती हैं। प्रदेश सरकार का गुणगान करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि 3 लाख 80 हजार लोगों को कांग्रेस ने मकान बनाने के लिए जमीन उपलब्ध कराई है। नौकरियों के अवसर लोगों को दिए हैं। गरीब, दलित बच्चों को स्कूलों में स्कॉलरशिप उपलब्ध कराई है। मनरेगा, फूड बिल, जमीनी अधिग्रहण बिल जनता को दिया है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस गरीबों की सरकार है। गरीबों के लिए चलती है, गरीबों के साथ चलती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।