विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 01, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाकिस्तान ने 16 चौकियों पर रात भर बरसाए मोर्टार

By Murari sharanEdited By:
Published: Thu, 01 Jan 2015 08:06 PM (IST)Updated: Thu, 01 Jan 2015 09:44 PM (IST)

सीमा सुरक्षाबल [बीएसएफ] के जवानों पर हमला करने वाले पाकिस्तान ने नए साल की शुरुआत भारतीय सीमा पर रातभर मोर्टार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जम्मू [जागरण ब्यूरो]। सीमा सुरक्षाबल [बीएसएफ] के जवानों पर हमला करने वाले पाकिस्तान ने नए साल की शुरुआत भारतीय सीमा पर रातभर मोर्टार के गोले दागने से की। पाकिस्तान ने एक साथ हीरानगर व सांबा सेक्टर में करीब 16 चौकियों को निशाना बनाया।

बुधवार रात साढ़े 12 बजे से गुरुवार सुबह छह बजे तक हुई भारी गोलाबारी का भारत ने भी करार जवाब दिया। किसी नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं, सीमा पर घने कोहरे में घुसपैठ रोकने के लिए जवानों की मानव श्रृंखला चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दी गई है। जवानों को भी पाकिस्तान की किसी भी शरारत का उचित जवाब देने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

सीमा सुरक्षा बल जम्मू फ्रंटियर के आइजी राकेश शर्मा ने दो टूक कहा कि अगर पाकिस्तानी रेंजर हम पर गोलीबारी करते हुए हैं तो उन्हें सीधा निशाना बनाया जाएगा। पाकिस्तानी क्षेत्र में अगर कोई तबाही होती है इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा। गोलीबारी में बुधवार को शहीद जवान को श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद पत्रकारों से वार्ता में आइजी ने कहा कि इस समय अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार करीब साठ आतंकी घुसपैठ की ताक में हैं। इस चुनौती से निपटने के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसलिए हर बार पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ेगी।

आइजी ने बताया कि बुधवार को पाकिस्तान ने सीमा पर गश्त कर रहे जवानों को निशाना बनाने के साथ गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई में चार रेंजरों के मारे जाने के बाद पड़ोसी देश ने रेंजरों के शव उठाने के लिए सीमा पर सफेद झंडे फहराने शुरू कर दिए। इसके बाद भारतीय जवानों गोलीबारी बंद कर दी और रेंजर शवों को ले गए। बौखलाए पाकिस्तान ने रात साढ़े 12 बजे फिर मोर्टार दागने शुरू कर दिए। सीमा सुरक्षा बल के जवानों पर हुए हमले में आतंकियों के शामिल होने से इन्कार करते हुए आइजी ने कहा कि यह पाकिस्तानी रेंजरों की ही कार्रवाई थी।

पढ़ें: पाक के दुस्साहस का करारा जवाब, मारे गए 4 पाक रेंजर