'कोई साजिश नहीं, मैं तो अपनी मां को सरप्राइज देना चाहती थी'
तीन महीने से गायब होकर अपनी मां को परेशान करने वाली लड़की गुनरीत कौर को जब पुलिस ने खोज निकाला तो उसका कहना था, इसमें कोई साजिश नहीं थी, मैं तो अपनी मां को सरप्राइज देना चाहती थी। मैं एक अभिनेत्री बन अपनी मां को गिफ्ट देना चाहती थी, उन्हें अचंभित कर देना चाहती थी। गौरतलब है कि इस 18 साल की लड़की के बारे में 'मिड डे' अखबार में खबर प्रकाशित होने के कुछ घंटों के अंदर ही पुलिस ने उसे खोज निकाला।
मुंबई। तीन महीने से गायब होकर अपनी मां को परेशान करने वाली लड़की गुनरीत कौर को जब पुलिस ने खोज निकाला तो उसका कहना था, इसमें कोई साजिश नहीं थी, मैं तो अपनी मां को सरप्राइज देना चाहती थी। मैं एक अभिनेत्री बन अपनी मां को गिफ्ट देना चाहती थी, उन्हें अचंभित कर देना चाहती थी।
गौरतलब है कि इस 18 साल की लड़की के बारे में 'मिड डे' अखबार में खबर प्रकाशित होने के कुछ घंटों के अंदर ही पुलिस ने उसे खोज निकाला। पुलिस का कहना था कि इस रिपोर्ट की वजह से उसे गुनरीत को खोज निकालने में बड़ी मदद मिली।
रिपोर्ट के मुताबिक लेख पढ़ने के बाद ही मकान मालकिन ने गुनरीत को अपने घर से निकाल दिया। बाद में गुनरीत ने एक अन्य महिला से संपर्क किया जिसने उसके बारे में मां और पुलिस को सूचित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आसानी से गुनरीत को पकड़ लिया।
18 साल की गुनरीत पंजाब के मोहाली से तीन महीने पहले गायब हुई थी। वह बॉलीवुड में अभिनेत्री बनकर मुकाम हासिल करना चाहती थी। हालांकि इसके लिए उसने अपनी मां को काफी परेशान किया। पुलिस का कहना है कि गुनरीत ने अपनी मां के साथ पहली बार ऐसा नहीं किया। वह इससे पहले भी अपनी मां को काफी परेशान कर चुकी है।
मुंबई पुलिस का कहना है कि यह केस हल करना काफी मुश्किल था लेकिन मिड डे की वजह से लड़की तक पहुंचने में काफी मदद मिली। उसने सिर्फ अपनी मां को ही परेशान नहीं किया बल्कि पंजाब, गुजरात और मुंबई पुलिस को भी काफी दौड़ लगवाई।
मिड डे में उसके बारे में खबर प्रकाशित होने पर उसके कुछ साथी और पीजी में उसके साथ रहने वाली लड़की ने गुनरीत की तस्वीर को पहचान उसे जल्द से जल्द वहां से भाग जाने को कहा। गुनरीत कांदीवली स्थित पीजी में रह रही थी। उसके दोस्तों ने कहा कि तीन राज्यों की पुलिस उसे तलाश रही है और उसकी मां दो महीने से उसकी तलाश में मुंबई में ही है।
पढ़ें: नारी संरक्षण गृह से फरार किशोरी को पुलिस ने किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार