देश के आधे हिस्से में छा गया मानसून, दिल्ली में हुई झमाझम बारिश
लगभग आधे देश में मॉनसून पूरी तरह से छा गया है। दिल्ली एनसीआर समते कई हिस्सों में सोमवार को जोरदार बारिश हुई। ...और पढ़ें

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दक्षिण पश्चिम मानसून देश के करीब आधे हिस्सों पर छा गया है। महाराष्ट्र के करीब 90 फीसद हिस्सों में यह दस्तक दे चुका है। राज्य के सूखा प्रभावित विदर्भ और मराठवाड़ा इलाके में भारी बारिश की संभावना है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी समेत कई हिस्सों में सोमवार को मानसून पूर्व की झमाझम बारिश हुई।
इस महीने के अंतिम सप्ताह या जुलाई की शुरुआत में मानसून के दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, मानसून सभी दक्षिणी, पूर्वी राज्यों और करीब पूरे महाराष्ट्र में पहुंच गया है। गोवा और दक्षिण कोंकण में यह रविवार शाम को आ गया था और सोमवार को पूरे कोंकण इलाके में छा गया। हालांकि यहां इसे आने में एक पखवाड़े की देरी हुई।
पढ़ें - महाराष्ट्र के 90 फीसदी हिस्सों तक पहुंचा मॉनसून, होगी झमाझम बारिश
आइएमडी ने बताया कि देश के मध्य और पश्चिमी इलाकों में इसके पहुंचने की स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ में मध्यम बारिश हो रही है लेकिन अगले दो दिनों में यहां भारी बारिश की उम्मीद है। मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में इस सप्ताह अच्छी बारिश होगी। अगले दो दिनों में बिहार और सिक्किम में भारी बारिश का अनुमान है।
इस बीच दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में सोमवार को बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, सिक्किम और पूर्वी मध्य प्रदेश बहुत सारे हिस्सों में भी बारिश हुई। देश के बड़े भाग में मानसून के सक्रिय होने से धान, सोयाबीन, कपास और दालों के रोपाई में तेजी आ रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।