एक नजर दिल्ली पर, क्योंकि यहां होगा दिलचस्प और यादगार मुकाबला
सियासी रणभेरी बजने के बाद सूबे के चुनावी मैदान में विभिन्न दलों के सूरमा अब आमने-सामने आ चुके हैं। कौन किसके खिलाफ लड़ेगा यह तय हो चुका है। तमाम दिग्गजों ने ताल भी ठोक दी है। दिल्ली का यह सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प और यादगार होने की उम्मीद है। दिल्ली के चुनावी मुकाबले का सबसे खास पहलू यह है कि पहली बार
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सियासी रणभेरी बजने के बाद सूबे के चुनावी मैदान में विभिन्न दलों के सूरमा अब आमने-सामने आ चुके हैं। कौन किसके खिलाफ लड़ेगा यह तय हो चुका है। तमाम दिग्गजों ने ताल भी ठोक दी है। दिल्ली का यह सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प और यादगार होने की उम्मीद है। दिल्ली के चुनावी मुकाबले का सबसे खास पहलू यह है कि पहली बार शहर में त्रिकोणीय मुकाबला होगा। अब तक कांग्रेस व भाजपा के बीच होती रही आमने-सामने की टक्कर में अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (आप) भी शामिल हो चुकी है। सियासी जानकारों के अनुसार आप के आने से शहर की सभी सातों सीटों पर हार-जीत का समीकरण उलझ गया है।
पढ़ें: बलिया संसदीय क्षेत्र: कभी नहीं फहरा भगवा व नीला परचम
पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी संदीप दीक्षित जीत की हैट्रिक लगाने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं तो भाजपा के महेश गिरी और आप प्रत्याशी व महात्मा गांधी के पौत्र राजमोहन गांधी पहली बार संसद पहुंचने के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं। उत्तर-पूर्वी दिल्ली सीट पर और भी जोरदार घमासान है। दिल्ली के पुराने कांग्रेसी नेता जयप्रकाश अग्रवाल को इस बार भोजपुरी फिल्मों के गायक व अभिनेता मनोज तिवारी से कड़ी टक्कर मिलने का अनुमान है। भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे तिवारी धुआंधार चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इन दोनों नेताओं के बीच आप प्रत्याशी प्रोफेसर आनंद कुमार भी पहली बार अपनी सियासी किस्मत आजमा रहे हैं। उत्तर-पश्चिमी सीट पर भाजपा ने दलित नेता उदित राज को टिकट दिया है। कांग्रेस की ओर से केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ एक बार फिर यहां से सांसद बनने की जुगत में हैं। लेकिन इन दोनों प्रत्याशियों को अब आप की नेता व दिल्ली सरकार में मंत्री रहीं राखी बिड़ला की चुनौती से निपटना होगा। चांदनी चौक में कई दिग्गज चुनावी अखाड़े में हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन दिल्ली की स्थानीय सियासत से निकलकर संसद पहुंचने की आस में यहां से चुनाव मैदान में उतरे हैं। दूसरी ओर देश के नामी वकील और केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल हैट्रिक बनाने के लिए यहां से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने पत्रकार आशुतोष को इस सीट से उम्मीदवार बनाया है।
पढ़ें: बरेली लोकसभा सीट: सूरमाओं को नहीं मिला सियासी आसमां
नई दिल्ली में कांग्रेस महासचिव अजय माकन और मीनाक्षी लेखी के बीच मुकाबला हो रहा है। यहां आप के आशीष खेतान भी चुनाव मैदान में हैं। पश्चिम व दक्षिण दिल्ली संसदीय सीटों पर भी कड़ी टक्कर होगी। पश्चिम दिल्ली में कांग्रेस सांसद महाबल मिश्र की प्रतिष्ठा दांव पर है। उन्हें भाजपा के जाट नेता प्रवेश वर्मा और आप प्रत्याशी जरनैल सिंह से जोरदार चुनौती मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं। उधर, दक्षिण दिल्ली में रमेश कुमार के बहाने कांग्रेस के चर्चित जाट नेता सज्जन कुमार की भी प्रतिष्ठा दांव पर है। इस सीट पर भाजपा की ओर से विधायक रमेश बिधूड़ी दूसरी बार अपनी सियासी किस्मत आजमाने उतरे हैं। आप ने यहां से देवेंद्र सहरावत को अपना प्रत्याशी बनाया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।