20 मरीजों की मौत के बाद राजस्थान में खत्म हुई डॉक्टरों की हड़ताल
राजस्थान के डॉक्टर 33 सूत्री मांगों को लेकर सात दिन से हड़ताल पर थे जिसके कारण वहां की चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई थी।
जयपुर (नईदुनिया)। राजस्थान में सात दिन से चल रही सरकारी डॉक्टरों की हड़ताल आखिर रविवार देर रात खत्म हो गई। हड़ताल के चलते चिकित्सा व्यवस्था चरमरा गई थी और इलाज के अभाव में 20 से ज्यादा की मौत हो गई थीं। रविवार को सरकार व हड़ताली डॉक्टरों के बीच करीब नौ घंटे तक चली वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। इसके बाद डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर दी।
राजस्थान के सरकारी डॉक्टर एक पारी में अस्पताल चलाने, 10 हजार रुपए ग्रेड पे किए जाने, एरियर की वसूली नहीं करने सहित 33 सूत्री मांगों को लेकर सात दिन से हड़ताल पर थे। सरकारी डॉक्टरों के साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर भी हड़ताल में शामिल हो गए थे।
सरकार ने तीन बार डॉक्टरों से वार्ता की, लेकिन नतीजा नहीं निकला। आखिरकार रविवार दोपहर दो बजे से वार्ता का दौर शुरू हुआ, जो रात 11 बजे तक चला। इस दौरान एक बार वार्ता टूटने की स्थिति भी बनी। सरकार ने वार्तास्थल से ही डॉक्टरों की गिरफ्तारी के इंतजाम भी कर लिए थे, लेकिन रात 11 बजे दोनों पक्षों में सहमति बन गई। और डॉक्टरों के प्रतिनिधि अजय चौधरी ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर दी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।