हौसले को सलाम, IPS अपर्णा ने फहराया 8वीं सबसे ऊंची चोटी पर तिरंगा
नेपाल में स्थित मैनास्लु पर्वत की चढ़ाई 17 दिन में पूरी की...
इलाहाबाद (जागरण संवाददाता)। पर्वतारोहण आइपीएस अपर्णा कुमार का जुनून है। पर्वतारोह के क्षेत्र में वर्ष 2002 बैच की आइपीएस अर्पणा ने एक और सफलता अपने नाम की है। सोमवार को उन्होंने दुनिया की आठवीं और एशिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी माउंट मैनास्लु पर फतह हासिल की। यह सफलता पाने वाली वह पहली भारतीय महिला पर्वतारोही हैं। इससे पहले वह माउंट एवरेस्ट सहित दुनिया के सात महाद्वीपों में से छह की सबसे ऊंची चोटियों पर फतह हासिल कर चुकी हैं।
माउंट एवरेस्ट पर उन्होंने पिछले साल मई में फतह हासिल की थी। नेपाल में स्थित माउंट मैनास्लु समुद्र तल से 26,781 फीट (8,163 मीटर) ऊंचाई पर स्थित है। अपर्णा ने सोमवार को सुबह दस बजे इसकी चोटी पर तिरंगा फहराया। इस चोटी को फतह करने वह नौ सितंबर को काठमांडू से रवाना हुई थीं। इस समय वह बेस कैंप की ओर लौट रही हैं।
पर्वतारोहण में कीर्तिमान : बेंगलुरु में जन्मी और वर्तमान में लखनऊ में तैनात 2002 बैच यूपी कैडर की आइपीएस अपर्णा कुमार भारतीय पुलिस सेवा की पहली महिला अधिकारी हैं, जिन्होंने एवरेस्ट पर तिरंगा फहराया। माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई 8848 मीटर है। अपर्णा अफ्रीका की किलिमंजारो, आस्ट्रेलिया की कारस्टेंज पिरामिड, साउथ अमेरिका की माउंट अंकारागुआ, यूरोप की माउंट एलबस, अंटार्कटिका की विनसन मैसिफ और एशिया के माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल कर चुकी हैं।
पर्वतारोहण में यह सफलता हासिल करने वाली वह भारतीय पुलिस सेवा (महिला व पुरुष दोनों) की पहली अधिकारी हैं। इसी साल वह अलास्का की माउंट डेनाली के साथ सेवन समिट पूरा करने का कीर्तिमान बनाने के करीब थीं लेकिन खराब मौसम के बाद उन्हें अपना मिशन बीच में छोड़ना पड़ा। इसके बाद उन्होंने आठवीं सबसे ऊंची चोटी का टास्क चुना। अपर्णा कुमार ने वर्ष 2013 में मनाली में पर्वतारोहण का बेसिक कोर्स किया था, तभी से वह महाद्वीपों की चोटियां फतह करने के अभियान में जुटी हैं।
‘मैनास्लु पर्वत चोटी का सफलतापूर्वक पर्वतारोहण करने पर बधाई। अपर्णा कुमार ने उत्तर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाया है।’-योगी आदित्यनाथ, मुख्यमंत्री, उप्र
यह भी पढ़ें : पढ़ाई का ऐसा जज्बा कि 98 साल की उम्र में किया एमए पास
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।