यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 12, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
सोमनाथ भारती के खिलाफ FIR दर्ज, हो सकते हैं गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने घरेलू हिंसा के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती ...और पढ़ें

दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने घरेलू हिंसा के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद उनके ऊपर गिरफ्तारी की तलवार लटकी है। उनकी पत्नी लिपिका ने गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम जिले की महिला अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की जांच करने के बाद सोमनाथ भारती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इससे पहले दिल्ली महिला आयोग में भारती के खिलाफ घरेलू उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी।
अपनी शिकायत में लिपिका ने सोमनाथ भारती के खिलाफ मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए हैं। शारीरिक उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने लिपिका की मेडिकल जांच कराई।उनका आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान उन्हें कुत्ते से कटवाया गया था। दो महीने पहले भी उनके साथ मारपीट की गई थी। दक्षिणी-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त आरए संजीव ने बताया कि लिपिका को तत्काल एक सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराया है।
घरेलू हिंसा मामले में फंसे दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री के खिलाफ गुरुवार को भाजपा की महिला मोर्चा ने जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान की खातिर भारती को भी इस्तीफा देना चाहिए।
