विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'अाप' की सात आफत, केजरी की छवि को लगा धक्‍का

By Sanjay BhardwajEdited By:
Published: Thu, 11 Jun 2015 09:12 AM (IST)Updated: Thu, 11 Jun 2015 04:24 PM (IST)

दिल्‍ली में सरकार बनने के साथ ही आम आदमी पार्टी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। एक के बाद ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। दिल्ली में सरकार बनने के साथ ही आम आदमी पार्टी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही है। एक के बाद एक नए विवाद से पार्टी संयोजक व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। वहीं आप की भी किरकिरी हो रही है। लोग सवाल उठाने लगे हैं जिस नैतिकता और ईमानदारी का हवाला देकर आप का जन्म हुआ अब वही उससे विमुख हो रही है।

प्रशांत भूषण व योगेंद्र यादव को पार्टी से निकालना, पार्टी नेता कुमार विश्वास के खिलाफ आप की एक महिला कार्यकर्ता के आरोप, केजरीवाल की रैली के दौरान एक किसान का जंतर-मंतर पर आत्महत्या, नजीब जंग के बीच अधिकारों को लेकर चल रही खींचतान, पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र तोमर की फर्जी डिग्री, विधायक कमांडो सुरेंद्र सिंह की फर्जी डिग्री और विधायक सोमनाथ भारती पर पत्नी के खिलाफ घरेलू हिंसा के मामले ने कहीं न कहीं आप और केजरीवाल की छवि को धूमिल किया है।

लगातार विवादों में घिर रही आम आदमी पार्टी का अगला पड़ाव पंजाब है। वहां वह अकाली-भाजपा को सत्ता से हटाने का मंसूबा पाले हुए है। लेकिन दिल्ली में चल रहे घटनाक्रम को देखते हुए ऐसा प्रतीत होता है कि पार्टी को पंजाब विधानसभा चुनाव में काफी मुश्किलें पेश होंगी।

आइए नजर डालते हैं आम आदमी पार्टी के 7 ऐसे विवादों पर जिसकी वजह से केजरीवाल और आप की छवि को नुकसान पहुंचा है :-

1. सोमनाथ भारती पर घरेलू हिंसा का आरोप : केजरीवाल की 49 दिन की सरकार में कानून मंत्री रहे सोमनाथ भारती पर पहले खिड़की एक्सटेंशन में विदेशी महिलाओं से दुर्व्यवहार का आरोप लगा था और अब उन पर पत्नी को प्रताडि़त करने का आराेप है। पत्नी ने भारती पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त करने, गाली-गलौच, बच्चों के साथ दुर्व्यवहार का अारोप लगाते हुए दिल्ली महिला अायोग और पुलिस का दरवाजा खटखटाया है।

2. सुरेंद्र सिंह पर फर्जी डिग्री रखने का आरोप : विधायक सुरेंद्र सिंह पर अपने हलफनामे में गलत जानकारी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया गया है। याचिका में कहा गया है कि सिंह ने सिक्किम यूनिवर्सिटी से स्नातक की डिग्री लेने का दावा किया है, वह फर्जी है।

3. जितेंद्र तोमर की फर्जी डिग्री का प्रकरण : पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र तोमर पर कानून और स्नातक की फर्जी डिग्री रखने का अारोप है। उन्हें गिरफ्तार कर पुलिस जांच कर रही है। तोमर पर फर्जी डिग्री रैकेट से मिले होने का भी शक है।

4. केजरीवाल-जंग विवाद : मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपराज्यपाल नजीब जंग के बीच अधिकारों को लेकर विवाद किसी से छिपा नहीं है। मुख्य सचिव के छुट्टी पर जाने के बाद उनकी जगह पर तत्कालिक मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर उठा विवाद न्यायालय तक जा पहुंचा। लेकिन कोर्ट से केजरीवाल सरकार को झटका मिला और गृहमंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन को सही ठहरााया गया। नोटिफिकेशन में केंद्र सरकार ने उपराज्यपाल को सर्वोच्च बताया था।

5. आप कार्यकर्ता द्वारा आत्महत्या : किसानों की समस्याओं को लेकर जंतर-मंतर पर आप के धरने के दौरान राजस्थान के किसान गजेंद्र सिंह द्वारा की गई आत्महत्या से पार्टी की खूब किरकिरी हुई। पार्टी पर आरोप लगा कि कार्यकर्ता ने गजेंद्र को अात्महत्या के लिए उकसाया था।

6. कुमार विश्वास और महिला कार्यकर्ता प्रकरण: आप नेता कुमार विश्वास पर पार्टी की महिला कार्यकर्ता से कथित संबंधों को लेकर चर्चा के बाद मामला दिल्ली महिला आयोग तक पहुंच गया। महिला ने आरोप लगाया कि विश्वास से कथित संबंधों की चर्चा के कारण उसके पति ने उसे छोड़ दिया है। इसलिए विश्वास सार्वजनिक रूप से संबंधों का खंडन करें।

7. योगेंद्र और भूषण की पार्टी से छुट्टी : इस विवाद के कारण पार्टी दो फाड़ हो गई। दोनों नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आराेप में पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। जबकि इनका कहना था कि वह पार्टी के अंदर स्वराज का चाहते हैं।

पढ़ें : दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री ने तोड़ा कानून, पत्नी को पीटा

पढे़ : फर्जी डिग्री विवाद में अब फंसे आप विधायक सुरेंद्र सिंह