यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री ने तोड़ा कानून, पत्नी को पीटा
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता एक-एक कर विवादों में घिरते जा रहे हैं। विधायक व पूर्व कानून मंत्री ...और पढ़ें

नई दिल्ली। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता एक-एक कर विवादों में घिरते जा रहे हैं। विधायक व पूर्व कानून मंत्री जितेंद्र सिंह तोमर की फर्जी डिग्री मामले में गिरफ्तारी के बाद ताजा मामले पार्टी विधायक सोमनाथ भारती विवाद में हैं। उनकी पत्नी ने महिला आयोग में घरेलू हिंसा की शिकायत की है। पत्नी की मारपीट की शिकायत को संज्ञान में लेते महिला आयोग ने सोमनाथ भारती को नोटिस जारी कर 26 जून को पेश होने को कहा है।
पिछली आम आदमी पार्टी की सरकार में कानून मंत्री रह चुके सोमनाथ भारती के खिलाफ उनकी पत्नी ने लिपिका मित्रा ने बुधवार को दिल्ली महिला आयोग में घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई है। इससे पहले लिपिका द्वारका पुलिस स्टेशन में पति सोमनाथ भारती के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला भी दर्ज करा चुकी हैं। पत्नी की शिकायत दिल्ली महिला आयोग ने सोमनाथ भारती को नोटिस जारी किया है।
पत्नी लिपिका मित्रा के मुताबिक, सोमनाथ भारती से 2010 में उनका प्रेम विवाह हुआ था। उनके दो बच्चे भी हैं। लिपिका ने महिला आयोग को दी शिकायत में कहा है कि शादी के बाद ही सोमनाथ प्रताड़ित करने लगे। यह प्रताड़ना मानसिक व शारीरिक दोनों थी। प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी ने 2011 में ही घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया था।
पत्नी लिपिका ने बताया कि पिछले माह 28 मई को पति सोमनाथ भारती ने उनकी चार साल की बेटी के सामने ही मारपीट की। इस पर डरी-सहमी उनकी बेटी ने कहा कि वह पापा को कभी नहीं देखना चाहती। यह सहने की इंतेहा थी। इसके बाद मैंने महिला आयोग में शिकायत का मन बना लिया था। महिला आयोग की अध्यक्ष बरखा सिंह ने कहा कि पत्नी ने सोमनाथ भारती मारपीट के अलावा, जान से मारने की धमकी की शिकायत भी दी है।
आप नेता की पत्नी के आरोप पर पार्टी नेता भी सकते हैं। आप नेता दिल्ली सरकार में कानून मंत्री रह चुके हैं। अपनी बेबाकी के लिए जाने जाने वाले सोमनाथ भारती पिछली आप सरकार में काफी विवादित भी रहे। सोमनाथ भारती आइआइटी दिल्ली से पढ़े हैं। पेशे से वकील रहे हैं और सामाजिक कार्यकर्ता के तौर पर जाने जाते हैं लेकिन दिल्ली के कानून मंत्री के तौर बहुत विवादित रहे थे।
एक वकील के तौर पर सोमनाथ भारती कई ज्वलंत सामाजिक मुद्दों को उठाने के लिए भी जाने जाते हैं। हालांकि, वर्ष 2014 में मंत्री बनने के बाद उन्होंने प्रैक्टिस करने का अपना लाइसेंस दिल्ली बार एसोसिएशन को लौटा दिया था।
