विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 22, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आसाराम हो सकते हैं गिरफ्तार, उमा उतरी समर्थन में

By Edited By:
Published: Thu, 22 Aug 2013 10:39 AM (IST)Updated: Fri, 23 Aug 2013 02:04 AM (IST)

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। 17 वर्षीय नवयुवती के साथ दुष्कर्म के मामले में जोधपुर पुलिस जल्द ही विवादास्पद धर्मगुरु ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। 17 वर्षीय नवयुवती के साथ दुष्कर्म के मामले में जोधपुर पुलिस जल्द ही विवादास्पद धर्मगुरु आसाराम बापू से पूछताछ करेगी। उनकी गिरफ्तारी भी हो सकती है। पुलिस को अब तक की जांच में उनके खिलाफ पुख्ता सुबूत मिले हैं। गुरुवार को उनका आश्रम सील कर दिया गया। इस मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। कांग्रेस शासित राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं तो वरिष्ठ भाजपा नेता उमा भारती ने आसाराम का समर्थन करते हुए उन्हें बेकसूर बताया है।

विवादों के बापू हैं आसाराम

जोधपुर के पुलिस कमिश्नर बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया कि शुरुआती जांच से साफ हैकि आसाराम घटना के दिन यानी 15 अगस्त को जोधपुर आश्रम में ही मौजूद थे। बताया जा रहा है कि आसाराम अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी कर रहे हैं। उनके एक शिष्य ने जोधपुर और जयपुर के वरिष्ठ वकीलों से इस संदर्भ में बात की है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मामले में जांच की जिम्मेदारी पुलिस कमिश्नर को सौंपी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

आसाराम से जुड़ी हर खबर यहां पढ़ें

दूसरी तरफ, उमा भारती ने ट्वीट किया कि 'बापू निर्दोष हैं। उन्हें सोनिया और राहुल गांधी का विरोध करने की सजा भुगतनी पड़ रही है। कांग्रेस शासित राज्यों में उन पर झूठा मुकदमा दर्ज किया गया। संत समाज उनके साथ है।' इस बीच जयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान जैन संत तरुण सागर महाराज ने आसाराम को आतंकी ओसामा बिन लादेन से भी खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि लादेन ने लोगों की हत्या की थी पर आसाराम ने भक्तों के विश्वास की हत्या की।

आसाराम पर चलेगा मुकदमा

जोधपुर पुलिस के मुताबिक आसाराम ने पीडि़त लड़की को धमकाया था कि वह भगवान हैं और अगर उसने किसी को दुष्कर्म के बारे में बताया तो वह उसे परिवार समेत भस्म कर देंगे। गौरतलब कि संत पर गैर जमानती धाराएं लगी हैं। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में भी केस दर्ज किया है। इस कानून में पीडि़ता के बयान ही सबसे अहम माने जाते हैं।

मालूम हो कि 74 साल के आसाराम और उनके तीन शिष्यों पर नाबालिग छात्रा ने दिल्ली में दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। दिल्ली पुलिस ने मामला जोधपुर स्थानांतरित कर दिया। पीड़िता आसाराम के छिंदवाड़ा [मध्य प्रदेश] स्थित आश्रम में 12वीं कक्षा में पढ़ती है। मूलरूप से वह उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की रहने वाली है। उसके परिजन पिछले दस सालों से आसाराम के अनुयायी थे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।