यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दिग्विजय ने खारिज किया तीसरे मोर्चे को समर्थन का सुझाव
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए तीसरे मोर्चे की सरकार को बाहर ...और पढ़ें

हैदराबाद। कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए तीसरे मोर्चे की सरकार को बाहर से समर्थन देने के सुझाव को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसी सरकार को बाहर से समर्थन देने की बात व्यावहारिक नहीं है।
पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता ने कहा कि किसी भी गठबंधन को प्रभावी ढंग से चलाने और स्थायित्व प्रदान करने के लिए प्रमुख राजनीतिक दल को ही सरकार की कमान संभालनी चाहिए। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब केंद्र में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत न मिलने की दशा में तीसरे मोर्चे को समर्थन की चर्चा हो रही है। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि उनकी व्यक्तिगत राय है कि किसी सरकार को बाहर से समर्थन अव्यावहारिक है और यह काम नहीं करता। कोई बड़ी पार्टी गठबंधन सरकार से बाहर नहीं रह सकती। ऐसी सरकार में तो हर किसी को जवाबदेह होना चाहिए। दिग्विजय के अलावा केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश भी तीसरे मोर्चे को बाहर से समर्थन के पक्ष में नहीं हैं।
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता की इस टिप्पणी से पहले महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने पिछले हफ्ते कहा था कि कांग्रेस तीसरे मोर्चे के साथ मिलकर अगली सरकार बना सकती है। जबकि केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा था कि चुनाव के बाद अगर जरूरी हुआ तो कांग्रेस केंद्र में सरकार बनाने के लिए तीसरे मोर्चे को समर्थन देने या उसकी मदद लेने पर विचार कर सकती है।
---------------
