मोदी के संबोधन पर उठे विरोध के स्वर
शिक्षक दिवस के मौके पर देशभर के स्कूली छात्रों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर कुछ राज्यों में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। कई राज्यों में जहां आयोजन की सफलता के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, वहीं विपक्षी दलों द्वारा शासित कुछ राज्यों ने केंद्र के निर्देश की आलोचना की है। पश्चिम
नई दिल्ली। शिक्षक दिवस के मौके पर देशभर के स्कूली छात्रों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को लेकर कुछ राज्यों में विरोध के स्वर उठ रहे हैं। कई राज्यों में जहां आयोजन की सफलता के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, वहीं विपक्षी दलों द्वारा शासित कुछ राज्यों ने केंद्र के निर्देश की आलोचना की है।
पश्चिम बंगाल के शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी ने कहा कि कई स्कूलों में इसके लिए जरूरी संसाधनों की कमी है। यदि केंद्र हमें निर्देश भी देता है, तब भी इंतजाम के लिए बहुत कम समय रह गया है। राजधानी दिल्ली के निजी स्कूलों में भी इसको लेकर उत्साह नहीं है। इन स्कूलों का मानना है कि प्रसारण के लिए बाध्य किए जाने से इस मौके पर होने वाले अन्य आयोजनों की रंगत फीकी पड़ जाएगी।
तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उनके राज्य में प्रधानमंत्री के संबोधन के लिए कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। हालांकि, आदेश जारी किए जाने पर कम समय में भी इंतजाम किया जा सकता है। उधर, महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे ने केंद्र के निर्देश को आश्चर्यजनक बताया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राज्यों को इसके लिए बाध्य किया जा रहा है, वह केंद्र के तानाशाही रवैए को दिखाता है। कार्यक्रम के तुरंत बाद छात्रों की उपस्थिति भेजने को कहा गया है। यह अनुचित है। हालांकि, राज्य के शिक्षा मंत्री ने कहा कि भाषण के सीधा प्रसारण के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।
हालांकि, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, झारखंड और आंध्र प्रदेश के अधिकारियों के अनुसार, प्रधानमंत्री के संबोधन के प्रसारण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। गुजरात का मुख्यमंत्री रहते हुए नरेंद्र मोदी हर साल अपने राज्य के छात्रों को संबोधित करते थे और इस साल भी वहां व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री भूपेंद्रसिंह चूडास्मा ने कहा कि उनके यहां यह आयोजन पूरी तरह सफल रहा है।
दिल्ली में होगा मुख्य आयोजननई दिल्ली के मानेकशॉ ऑडिटोरियम में शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगभग एक हजार छात्रों को संबोधित करेंगे। इसके बाद मोदी छात्रों से बातचीत भी करेंगे। टेली कान्फ्रेंसिंग के जरिए भी छात्र मोदी से संवाद कर सकेंगे। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देश के लगभग 18 लाख सरकारी और निजी स्कूलों में किया जाएगा। दूरदर्शन और शिक्षा के सभी चैनलों पर शाम 3 बजे से 4.45 तक इसका प्रसारण किया जाएगा। केंद्रीय मानव संसाधन मंत्रालय कार्यक्रम की सफलता के लिए हर संभव उपाय कर रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।