आठ हवाई अड्डों पर आज से सर्वे कराएगा सीआइएसएफ
एक महीने तक चलने वाले सर्वे में यात्रियों से उनके सुझाव और टिप्पणियां ली जाएंगी।
मुंबई, प्रेट्र। अपने कर्मियों का प्रदर्शन और सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) आठ हवाई अड्डों पर शनिवार से एक सर्वे कराने जा रहा है। इनमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता, हैदराबाद, कोचीन और गुवाहाटी हवाई अड्डे शामिल हैं। एक महीने तक चलने वाले सर्वे में यात्रियों से उनके सुझाव और टिप्पणियां ली जाएंगी।
सीआइएसएफ की स्थापना 1969 में की गई थी। कई क्षेत्रों में महारत रखने वाला यह सुरक्षा बल देश के प्रमुख प्रतिष्ठानों जैसे नाभिकीय व अंतरिक्ष प्रतिष्ठान, हवाई अड्डे, बंदरगाह, ऊर्जा संयंत्र और संवेदनशील सरकारी इमारतों की सुरक्षा संभालता है। सर्वे में यात्रियों से चार मानकों पर सवाल पूछे जाएंगे। इनमें सकुशल और सुरक्षित महसूस करना, सुरक्षा जांच के दौरान प्रतीक्षा अवधि, सुरक्षा जांच की व्यापकता, शिष्टाचार एवं सहायता करने के प्रति रुख शामिल हैं।
इसके अलावा यात्रियों से उनकी सहूलियत के लिए उठाए गए कदमों (जैसे सामान पर टैग लगाने की प्रक्रिया खत्म करना) पर प्रतिक्रिया भी ली जाएगी। मालूम हो कि सीआइएसएफ चार साल बाद ऐसा सर्वे करवा रहा है। इससे पहले उसने 2013 में 59 हवाई अड्डों पर ऐसा सर्वे कराया था और उसमें उसे पांच में से 4.49 अंक हासिल हुए थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।