विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'जन कल्‍याण पर्व' में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाएगी भाजपा

By Kamal VermaEdited By:
Published: Sat, 23 May 2015 04:19 PM (IST)Updated: Sat, 23 May 2015 04:49 PM (IST)

मोदी सकरार के एक वर्ष पूरा होने पर भाजपा इसको जन कल्‍याण पर्व के रूप में मनाएगी। इसके लिए पार्टी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। मोदी सकरार के एक वर्ष पूरा होने पर भाजपा इसको जन कल्याण पर्व के रूप में मनाएगी। इसके लिए पार्टी ने व्यापक तैयारी कर ली हैं। सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा करने और सरकार की उपलब्धियों को बताने के लिए भाजपा ने जो खाका तैयार किया है उसकी शुरुआत खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के गांव से 25 मई को करेंगे। पीएम वहां पर एक रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी के सभी मुख्यमंत्री, विधायक और नेता इस दौरान सभी राज्यों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी घर-घर पहुंचाने का काम करेंगे। इसके लिए पार्टी अपने स्तर पर कई रैलियां भी आयोजित करेगी।

एक ओर जहां मोदी 25 मई को मथुरा के नंगला चंद्रभान से इसका श्रीगणेश करेंगे वहीं दूसरी ओर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी हरियाणा के करनाल में एक रैली को संबोधित कर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाएंगे। इसके अलावा शाह प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे जिसमें वह केंद्र सरकार के एक वर्ष का लेखा-जोखा पेश करेंगे। इसके अलावा पार्टी के अलग-अलग स्तर पर करीब दो सौ प्रेस कांफ्रेंस की जाएंगी, जिन्हें अलग अलग नेता संबोधित करेंगे।

भाजपा ने 25 मई से 31 मई तक चलने वाले जन कल्याण पर्व में करीब पांच हजार रैलियां करने का खाका भी तैयार किया है। इसमें पार्टी के सभी विधायक, सांसद और मंत्री अपने अपने स्तर पर करेंगे। मोदी के बाद पार्टी में सबसे बड़ा चेहरा अमित शाह 25 मई को करनाल में, अगले दिन वह सूरत और फिर अगले दिन पणजी में रैली को संबोधित करेंगे। वह सुबह रैली करेंगे तो शाम को प्रेस कांफ्रेंस भी करेंगे। इन सभी के अलावा पार्टी ने मोदी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए मेले और प्रदर्शनी का भी आयोजन करने का मन बनाया है।

यह मेले सामाजिक सुरक्षा को आधार बनाकर कई जगहों पर आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के मुताबिक सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अपने राज्यों में मोदी सरकार की उपलब्धियां बताने के लिए रैलियां आयोजित करेंगे। इसके अलावा भाजपा के विधायक और मंत्री भी अपने स्तर पर इसी तरह का काम करेंगे। इन सभी के अलावा पार्टी पांच हजार जनसभाएं आयोजित करेगी।

लोकसभा चुनाव की तर्ज पर बनने वाले इस खाके में पार्टी ने हर स्तर पर तैयारी की है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी ने कुल हजारों रैलियां की थीं। इसके 437 रैलियां मोदी ने कुल 25 राज्यों में की थीं और 1350 के करीब थ्री डी रैलियां की थीं।

पिछले एक साल में पीएम पद की विश्वसनीयता बढ़ी: जेटली

भारत में कारोबार की ठोस नींव रखी: गोयल

मोदी के राज में देश हुआ भ्रष्टाचार मुक्त : अरुण जेटली