विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 20, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोदी के वार का गुजरात में जवाब देगी सपा

By Edited By:
Published: Sun, 20 Apr 2014 10:24 AM (IST)

भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के आरोपों का जवाब समाजवादी पार्टी गुजरात में ही देगी। पाटन में ...और पढ़ें

News Article Hero Image

लखनऊ। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के आरोपों का जवाब समाजवादी पार्टी गुजरात में ही देगी। पाटन में शुरुआत 21 अप्रैल को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जनसभा से होगी। उसी दिन वह अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ राज्य की चुनावी रणनीति और जनसभा की तारीखों को अंतिम रूप देंगे।

लोकसभा चुनाव का आगाज से पहले ही सपा ने देश बनाओ-देश बचाओ और भाजपा ने विजय शंखनाद रैली के जरिए एक दूसरे पर सियासी हमला शुरू कर दिया था, जिससे चुनाव भाजपा बनाम सपा होने का संदेश भी निकाला। तब से दोनों दल एक दूसरे को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश में जुटे हैं। यूपी में तीसरे दौर के मतदान से पहले शुक्रवार को मोदी ने सपा मुखिया के घर इटावा में मुलायम और अखिलेश को ललकारा और कानून व्यवस्था से लेकर किसानों की बदहाली के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। मोदी ने सपा के मुख्य वोट बैंक यदुवंशियों को खेमे में करने के लिए गुजरात की गायों का जिक्र भी किया।

अब सपा ने गुजरात के पाटन में जनसभा के जरिए मोदी को जवाब देने की तैयारी की है। सूत्रों का कहना है सपा के रणनीतिकारों ने गुजरात के कुपोषण और किसानों की बदहाली पर एक पूरी रिपोर्ट तैयार की है, जिसको ढाल बनाकर मुख्यमंत्री पलटवार करेंगे। उनके साथ सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहेंगे।

मुख्यमंत्री 21 अप्रैल सुबह लखनऊ से निजी विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना होंगे। जहां से हेलीकाप्टर के जरिए हेमेचन्द्र आचार्य यूनिवर्सिटी पाटन पहुंचेंगे और खेड़िया मैदान में पार्टी प्रत्याशी बाबू भाई करशन भाई के समर्थन में जनसभा को सम्बोधित करेंगे और अहमदाबाद में कार्यकर्ताओं से मीटिंग करेंगे। बैठक में गुजरात की दूसरी लोकसभा सीटों पर अखिलेश की जनसभाओं की तारीखों को अंतिम रूप दिया जाएगा। सपा के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि गुजरात में जनसभा के बाद उसी दिन रात नौ बजे मुख्यमंत्री महाराष्ट्र के कामगार नगर में होटल पेनिनसुला में जनसभा करेंगे और फिर वापस लखनऊ लौट आएंगे। सपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी जनता के सामने गलत तथ्य रख रहे हैं, जिसका खुलासा गुजरात में ही किया जाएगा।

पढ़ें: भाजपा-कांग्रेस को नहीं मिलेगा बहुमत: मुलायम

पढ़ें: मुलायम बोले, गुजरात माडल धोखा, मोदी हैं विनाशकारी