गुजरात विधानसभा चुनाव में उतरेगी आप
गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने से इन्कार के बाद आप ने अचानक चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की है।
राज्य ब्यूरो, अहमदाबाद। गुजरात विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) भी उतरने जा रही है। पंजाब में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने और दिल्ली में कई मोर्चो पर विफलता से निराश आप ने गुजरात से तौबा कर ली थी। लेकिन दिल्ली के विधानसभा उपचुनाव में मिली सफलता ने उसका जोश बढ़ा दिया है। आप के साथ ही कांग्रेस भी अपना चुनावी अभियान शुरू करने जा रही है। आप जहां 17 सितंबर को अहमदाबाद में रोड शो करेगी वहीं कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आठ दिनों तक गुजरात में जमे रहेंगे और रैलियों को संबोधित करेंगे।
गुजरात राज्यसभा चुनाव में विभाजन का झटका खाने के बाद कांग्रेस विधानसभा चुनाव के लिए तैयार है। पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी अहमदाबाद में पार्टी कार्यकर्ताओं, मध्यम व्यापारियों, प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं के साथ बातचीत करेंगे। लोगों से बातचीत में प्रदेश की नब्ज टटोलने के बाद 22 से 30 सितंबर के बीच वे चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। राहुल 22 सितंबर से आठ दिनों के दौरे पर गुजरात आएंगे।
द्वारका से रैलियों की शुरुआत करने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष सौराष्ट्र, दक्षिण गुजरात, उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात में दो-दो दिन रहकर चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा का प्रयास विफल हो जाने और अहमद पटेल की जीत से कांग्रेस उत्साह से भरी है।
गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने से इन्कार के बाद आप ने अचानक चुनाव मैदान में उतरने की घोषणा की है। दिल्ली सरकार में मंत्री व गुजरात के पार्टी प्रभारी गोपाल राय ने बताया कि 17 सितंबर को अहमदाबाद में रोड शो से पार्टी चुनाव प्रचार का शंखनाद करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी गुजरात की सभी सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है। पार्टी ने 20 सदस्यीय चुनाव समिति का गठन किया है।
यह भी पढ़ें : मुंबई में बाढ़ से निपटने पर काम नहीं हुआ : हाईकोर्ट
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।