होटल की पार्किग में युवती से सामूहिक दुष्कर्म
चाणक्यपुरी में स्थित एक पांच सितारा होटल की पार्किंग में दो युवकों ने 22 वर्षीय युवती को नशीला पेय पिलाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस संबं ...और पढ़ें

नई दिल्ली (जागरण संवाददाता)। चाणक्यपुरी में स्थित एक पांच सितारा होटल की पार्किंग में दो युवकों ने 22 वर्षीय युवती को नशीला पेय पिलाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
युवती का आरोप है कि नौकरी का झांसा देकर युवकों ने उससे दो बार दुष्कर्म किया। युवती साहिबाबाद की रहने वाली है। आरोपी युवक पांचाल और उसका दोस्त मोनिल हिंडन विहार, गाजियाबाद के रहने वाले हैं। युवती दोनों युवकों को जानती है। युवती का आरोप है कि नौकरी लगवाने के बहाने दोनों ने उसे गत 25 अप्रैल को चाणक्यपुरी इलाके में स्थित अशोक होटल की पार्किंग में बुलाया। दोनों ने उसे कोल्ड डिंक पीने को दिया। इसके बाद वह बेहोश हो गई। होश आने पर उसे पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है।
आरोपियों ने उसे धमकी दी कि इस बारे में किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा। इसके बाद तीन जून को भी आरोपी नौकरी लगवाने के बहाने उसे कार में दिल्ली लेकर आए और कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास कार में उससे दुष्कर्म किया। युवती ने शुक्रवार को थाने में इसकी शिकायत की। पुलिस युवती द्वारा बताए गए घटना वाले दिन उसकी व युवकों की लोकेशन के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद इस मामले में गिरफ्तारी की जाएगी।
शादी का झांसा देकर किया दुष्कर्म
एक सहकर्मी ने 24 वर्षीय युवती को हवस का शिकार बना लिया। युवती ने सहकर्मी के खिलाफ न्यू अशोक नगर थाना पुलिस में शिकायत की है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। युवती परिवार के साथ न्यू अशोक नगर इलाके में रहती है। वह नोएडा की एक कंपनी में नौकरी करती थी। इसी कंपनी में नोएडा सेक्टर-53 निवासी सत्यप्रकाश नामक युवक असिस्टेंट एकाउंटेंट था। एक ही कंपनी में होने के कारण दोनों के बीच दोस्ती हुई।
युवती ने आरोप लगाया है कि एक दिन सत्यप्रकाश उसे घुमाने के बहाने ले गया और जबरन उससे संबंध बनाए। विरोध करने पर आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया। इसके बाद शादी का झांसा देकर आरोपी ने कई बार उससे दुष्कर्म किया।
काफी दबाव बनाने पर कुछ दिन पहले आरोपी ने उससे मंदिर में शादी कर ली। लेकिन बाद में वह शादी से मुकर गया और नौकरी छोड़कर भाग गया। उसने अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। युवती ने उसे काफी तलाश की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत की।
नशीला पदार्थ पिलाकर किया सामूहिक दुष्कर्म
उत्तर-पूर्वी जिला के वेलकम इलाके में 31 वर्षीय महिला ने सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि पीड़िता के पड़ोस में रहने वाले पांच लोगों ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पीड़िता को पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
वारदात के समय पीड़िता का पति और बच्चे गांव गए हुए थे। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, महिला परिवार के साथ वेलकम इलाके में रहती है और परिवार में पति और तीन बच्चे हैं। कुछ समय पहले महिला का पति बच्चों को लेकर गांव गया था। घर में वह अकेली थी। शुक्रवार रात को गर्मी की वजह से वह अपने घर के गेट पर बैठी थी। तभी पड़ोस के कुछ लोग उससे बातचीत करने लगे। इसी बीच उन्होंने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने को दी। कोल्ड ड्रिंक पीते उस पर बेहोशी छाने लगा। महिला का आरोप है कि अर्धबेहोशी की हालत में पांच लोगों ने उससे दुष्कर्म किया।
शनिवार सुबह होश आने पर उसने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही फरार अन्य आरोपियों को भी पकड़ लिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।