Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उदयपुर के चित्रांग बने आइआइटी टॉपर, फिर सुपर 30 का परचम

    By Edited By:
    Updated: Thu, 19 Jun 2014 07:22 PM (IST)

    प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान [आइआइटी] में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा [जेईई एडवांस] का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। उदयपुर, ...और पढ़ें

    Hero Image

    कोलकाता [जागरण न्यूज नेटवर्क]। प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान [आइआइटी] में दाखिले के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा [जेईई एडवांस] का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। उदयपुर, राजस्थान के 17 वर्षीय चित्रांग मुर्दिया ने कुल 360 में से 334 अंक प्राप्त करके सर्वोच्च स्थान हासिल किया। हैदराबाद के सीएस चेतन दूसरे नंबर पर रहे। लड़कियों में आइआइटी रुड़की जोन की जालंधर निवासी अदिति ने पहला स्थान हासिल किया। वह देशभर में सातवें स्थान पर रहीं। शीर्ष 100 सफल छात्रों में केवल पांच लड़कियां ही स्थान बना पाई। सफल परीक्षार्थी देश के 16 आइआइटी और धनबाद स्थित इंडियन स्कूल आफ माइंस में दाखिला ले सकते हैं। इस बार संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा का टॉपर भी राजस्थान से ही था। प्रशिक्षु आइपीएस गौरव अग्रवाल ने पहला स्थान प्राप्त किया था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस बार परीक्षा का आयोजन आइआइटी खड़गपुर ने किया था। जेईई के प्रभारी प्रोफेसर एमके पाणिग्रही ने बताया कि सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में केवल 11 प्रतिशत लड़कियां हैं। कुल पंजीकृत 1,26,997 उम्मीदवारों में से 27,151 उत्तीर्ण हुए। परीक्षा में लड़कियों के खराब प्रदर्शन केबारे में पूछे जाने पर अदिति ने कहा कि लड़कियों को इंजीनियरिंग क्षेत्र में जाने के लिए न तो माता-पिता और न ही सामाजिक व्यवस्था से ही बढ़ावा मिलता है। साझा मेधा सूची में 19416 छात्रों के नाम आए हैं।

    अन्य पिछड़ा वर्ग में 6000 छात्र, अनुसूचित जाति में 4400 छात्र और अनुसूचित जनजाति में 1250 छात्र शामिल हैं। 243 अशक्त छात्र सफल हुए हैं। पिछले साल की तुलना में मेधा सूची में 3500 अधिक छात्र उत्तीर्ण हुए हैं।

    16 आइआइटी और इंडियन स्कूल आफ माइंस में कुल मिलाकर 9784 सीटें उपलब्ध हैं। सबसे अधिक 1341 सीटें आइआइटी खड़गपुर में हैं। आइआइटी बांबे में 880 तो दिल्ली में 851 सीटें हैं। आइआइटी इंदौर, मंडी और रोपड़ में सबसे कम 120 सीटें हैं। आइआइटी में दाखिला लेने के लिए छात्रों ने दो चरणों जेईई (मुख्य) और जेईई (एडवांस) में परीक्षा पास की है।

    आइआइटी बांबे में पढ़ने को इच्छुक चित्रांग

    टॉपर चित्रांग मुर्दिया आइआइटी बांबे में दाखिला लेना चाहते हैं। वह रिसर्च के क्षेत्र मे जाकर आम लोगों की सेवा करना चाहते हैं। डीपीएस उदयपुर से पढ़ाई करने वाले चित्रांग ने 12वीं की परीक्षा में 97 फीसद अंक पाए हैं। इससे पहले वह केंद्र सरकार के किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना में स्कॉलरशिप के लिए अखिल भारतीय स्तर पर 57वां स्थान प्राप्त कर चुके हैं। उनके मुताबिक, सफलता के लिए कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है।

    उधर, आइआइटी परीक्षा में आनंद कुमार द्वारा पटना में संचालित सुपर 30 का परचम फिर लहराया है। 30 में 27 छात्र आइआइटी परीक्षा में पास हुए हैं।

    रांची के टॉपर का ऑल इंडिया रैंक 84 है। जेइइ एडवांस में धनबाद के आयुष मुखर्जी स्टेट टापर हैं। आयुष यहां के दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्र हैं। इन्हें राष्ट्रीय स्तर की रैंकिंग में 40 वां स्थान मिला है।

    पढ़ें: डॉन एंड डोना के चार स्टूडेंट आइआइटी में चयनित