विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नहीं खाली होगा पूरा झरिया, शिफ्ट होंगे अग्नि प्रभावित क्षेत्र के लोग

By Sachin MishraEdited By:
Published: Fri, 30 Jun 2017 12:47 PM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा झरिया खाली नहीं होगा। बेवजह यह भ्रम फैलाया जा रहा है।

नहीं खाली होगा पूरा झरिया, शिफ्ट होंगे अग्नि प्रभावित क्षेत्र के लोग
नहीं खाली होगा पूरा झरिया, शिफ्ट होंगे अग्नि प्रभावित क्षेत्र के लोग

राज्य ब्यूरो, रांची। आग से बचाने की दुहाई देकर पहले धनबाद-चंद्रपुरा (डीसी) रेललाइन बंद करने और अब झरिया को उजाड़ने की कार्रवाई से राजनीतिक नुकसान को लेकर चिंतित भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को रांची में मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिला। इसका नेतृत्व सांसद पीएन सिंह कर रहे थे।

मुलाकात के दौरान पीएन सिंह ने कहा कि हम लोग त्रहिमाम संदेश लेकर आए हैं। रेललाइन बंद कर दी गई है। अब आरएसपी कॉलेज झरिया को शिफ्ट किया जा रहा है। जनता के बीच भाजपा सरकार के प्रति जबरदस्त आक्रोश भर रहा है। कुछ कीजिए।

झरिया खाली कराने के लिए लोगों को नोटिस देकर आतंकित किया जा रहा है। मुख्य सचिव राजबाला वर्मा के निर्देश का हवाला देकर बिना वैकल्पिक व्यवस्था आरएसपी कॉलेज और राज प्लस टू विद्यालय को शिफ्ट किया जा रहा है। पूर्व विधायक कुंती सिंह ने आरएसपी कॉलेज, झरिया और माडा जलागार की यथास्थिति बनाए रखने के लिए मांग पत्र भी सौंपा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा झरिया खाली नहीं होगा। बेवजह यह भ्रम फैलाया जा रहा है।

नई टाउनशिप बनने के बाद झरिया के प्रभावित लोगों को शिफ्ट किया जाएगा। नया झरिया बनाने के लिए एलएंडटी से बात चल रही है। इस टाउनशिप में स्कूल, टाउन हॉल, मार्केट, पार्क आदि सुविधाएं होंगी। मुख्यमंत्री ने फोन पर मुख्य सचिव से आरएसपी कॉलेज के लिए की जा रही वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी ली, निर्देश भी दिया।

बताया कि जेआरडीए की तरफ से 992 आवास बनकर तैयार हैं। बस्ताकोला व लोदना के लिए 300-300, पूर्वी झरिया, पीबी क्षेत्र, सिजुआ व कुसुंडा क्षेत्र के लिए 100-100 आवास चिह्नित किए गए हैं। विधायक फूलचंद मंडल, राज सिन्हा, ढुलू महतो आदि प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे। इस दौरान सीएम ने कहा कि 2018 तक बिजली सुधर जाएगी।

यह भी पढ़ेंः झरिया बाजार में चारों ओर फैली आग, इलाका खाली करने का फरमान

यह भी पढ़ेंः हर तरफ से शहर की ओर बढ़ रही आग, कहीं इतिहास न बन जाए झरिया