झारखंड में बढ़े सरकारी नौकरी के अवसर, 57 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू
झारखंड मे सरकारी नौकरी की संभावनाओं मे पिछले कुछ वर्षों के दौरान बढ़ोतरी हुई है। कई विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है।
अमन कुमार, रांची। देश मे जहां सरकारी नौकरी के अवसर कम हुए है, वहीं इस मामले मे झारखंड नजीर पेश कर रहा है। राज्य में सरकारी नौकरी की संभावनाओं मे पिछले कुछ वर्षो के दौरान बढ़ोतरी हुई है। कई विभागों में वरीय और कनीय पद पर इस साल भी नियुक्ति प्रक्रिया शुरू की गई है। जल्द ही 4000 पुलिसकर्मियों की नियुक्ति की अधियाचना झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को भेजी जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी विभागों से खाली पड़े पदों की पहचान करने को कहा गया है।
इसके आधार पर नियुक्ति अधियाचना भेजी जाएगी। करीब आधा दर्जन विभागों ने कार्मिक प्रशासनिक विभाग को रिक्त पदों की संख्या से अवगत करा दिया है। शेष विभाग से जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरू किए जाने की संभावना है। जेपीएससी 19 पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू करने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस साल 50 हजार पदों पर नई नियुक्ति का वादा किया है।
सरकारी नौकरी के मामले मे पिछले साल भी झारखंड के लोगों के लिए काफी सुखद रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास के शपथ लेने के बाद से विभिन्न विभाग की तरफ से 57,329 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब तक 25,390 लोगों को नियुक्त किया जा चुका है। वहीं, प्राथमिक और हाई स्कूल मे 26000 नए शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। नौ हजार प्राथमिक स्कूलों में शिक्षक बहाली की योजना है। वहीं, 17 हजार हाई स्कूल में शिक्षक नियुक्त किया जाना है।
कॉलेज में शिक्षको की कमी को दूर करने की दिशा में भी काम चल रहा है। शुरुआती दौर में घंटी आधारित शिक्षक रखने की योजना है। जल्द ही स्थाई नियुक्ति के लिए जरूरी प्रक्रिया भी पूरी करने की योजना है। इसी तरह दूसरे विभाग मे भी कर्मचारियो की कमी को दूर करने की दिशा मे कोशिश चल रही है। कई पदो को जिलास्तरीय किया गया है। 14 अधिसूचित जिलों के लोगों को उनके जिले मे ही नौकरी का अवसर मिला है। वहीं, राज्यस्तरीय पदो पर भी स्थानीय लोगों की नियुक्ति हो रही है।
निजी क्षेत्र मे भी अवसर
सरकारी क्षेत्र के साथ ही निजी क्षेत्र मे रोजगार की संभावनाएं दिख रही हैं। देश की नामी कंपनियां झारखंड में निवेश करने वाली है। ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के दौरान राज्य सरकार के साथ 209 कंपनियों ने निवेश समझौता किया है। जिससे तीन लाख लोगों को सीधे नौकरी मिलने की संभावना है। इतने ही लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने का दावा किया जा रहा है।
राज्य गठन के बाद से कई विभागों में नियुक्ति नही हुई थी। इस वजह से कर्मचारियों की कमी थी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर खाली पदों को भरने के लिए लगातार नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। इसका फायदा झारखंड के लोगों को मिल रहा है।
-निधि खरे, राज्य सरकार की प्रवक्ता
यह भी पढ़ेंः सुबोधकांत बोले, लिट्टीपाड़ा उपचुनाव में टूटेगा रघुवर का अहंकार
यह भी पढ़ेंः झारखंड में पीएम मोदी बोले, 2022 तक बनाएंगे नया भारत
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।