Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में बारिश ने तोड़ा 10 वर्षों का रिकॉर्ड, राज्य में 9 और मौतें

    By Sachin MishraEdited By:
    Updated: Thu, 27 Jul 2017 01:54 PM (IST)

    झारखंड के कई जिलों में आज भी तेज हवाएं चलेंगी, बारिश भी होती रहेगी।

    रांची में बारिश ने तोड़ा 10 वर्षों का रिकॉर्ड, राज्य में 9 और मौतें

    जागरण न्यूज नेटवर्क, रांची। लगातार चार दिनों की वर्षा से परेशान लोगों को बुधवार को बारिश धीमी होने से थोड़ी राहत मिली, लेकिन इस बीच जान-माल की व्यापक क्षति हुई है। बुधवार को बारिश से नौ लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को भी नौ मौतें हुई थीं। इस तरह दो दिनों 18 लोगों की जान गई है। बारिश से पुल-पुलिया व सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से सैंकड़ों गांव टापू बन गए हैं, जबकि कई सड़कों पर आवागमन ठप है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बारिश में दर्जनों कच्चे मकान ढह गए हैं, जबकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मृतकों के आश्रितों चार-चार लाख मुआवजा देने की घोषणा की है। रांची, जमशेदपुर जिला प्रशासन ने गुरुवार को भी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। झारखंड के कई जिलों में आज भी तेज हवाएं चलेंगी, बारिश भी होती रहेगी। निम्न दबाव का क्षेत्र डालटनगंज की ओर बढ़ गया है।

    रिकार्ड ध्वस्त, छह जिलों में 200 मिमी से ज्यादा बारिश

    राज्य में लगातार हो रही बारिश ने सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए हैं। रांची समेत सर्वाधिक प्रभावित दस जिलों में से छह में पिछले तीन दिनों में 200 मिमी से अधिक वर्षा हुई है। रांची में तो बारिश ने दस वर्षो का रिकार्ड तोड़ दिया है। पिछले 24 घंटे में यहां 200.2 मिमी बारिश हुई। जिन छह जिलों में 200 मिमी से अधिक बारिश हुई है उनमें रांची, हजारीबाग, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और प. सिंहभूम शामिल हैं।

    एक ही परिवार के चार लोगों की मौत:

    लोहरदगा में सेन्हा थाना क्षेत्र के सिठियो कोयल नदी पुल को पार करते समय एक एंबुलेंस (बोलेरो) के बाढ़ की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोग कोयल की तेज धारा में बह गए। घटना के शिकार सभी लोग एक ही परिवारके हैं। ये सभी पलामू के डुमरी-चैनपुर के रहने वाले थे और परिवार के मुखिया शिक्षक गोपाल सिंह को इलाज के लिए रांची लेकर जा रहे थे कि रास्ते में यह हादसा हुआ। एंबुलेंस का ड्राइवर और एक अन्य सवार बच गए हैं।

    रामगढ़ में दुलमी के पास भैरवा डैम का पानी सड़क पर आ जाने से मंगलवार रात एक होंडा सिटी कार पुल से नीचे गिरकर पानी में समा गई, जिससे उसपर सवार दो लोगों की मौत हो गई। कार सवार रांची से बोकारो के कथारा जा रहे थे। कार में सवार दोनों युवक ऑफिसर कालोनी कथारा (बोकारो) के रहने वाले थे। इनके नाम अमीर हुसैन (22) पिता हाजी जैनुल अहमद व शुभम मिश्रा (22) पिता दूधनाथ मिश्रा हैं। गढ़वा के गोदरमाना स्थित कनहर नदी में बुधवार की दोपहर एक अज्ञात युवक बाढ़ में बह गया।

    खूंटी के जन्नतनगर में एक कच्चा मकान गिर जाने से कमरे में सोए 45 वर्षीय सलीम अंसारी की मौत हो गई। उनकी पत्नी रूबी खातून गंभीर रूप से घायल हो गई। मांडर में घर की दीवार गिरने से दबकर उचरी गांव के 40 वर्षीय मनोज तिर्की की मौत हो गई। रामगढ़ में गांधी घाट पर कई झुग्गियां पानी के बहाव में बह गईं। यहां खटाल के 4 भैंस भी दामोदर में समा गईं। रांची के सदर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन 4 तल्ला मकान ध्वस्त हो गया हालांकि जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ।

    ट्रेनों का परिचालन प्रभावित:

    धनबाद रेल मंडल के सीआइसी सेक्शन अंतर्गत बरकाकाना के समीप लगातार हुई बारिश से उफनाई दामोदर नदी खतरे के निशान को पार कर गई। तेज बहाव में पुल डूब गया जिससे इस रूट पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। शक्तिपुंज एक्सप्रेस बुधवार को गोमो-गया रूट से रवाना हुई, वहीं आसनसोल से बरकाकाना जानेवाली पैसेंजर ट्रेन को गोमो तक ही चलाया गया।

    डीआरएम मनोज कृष्ण अखौरी सहित परिचालन और इंजीनियरिंग विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। स्थिति सामान्य होने के बाद ही इस मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन शुरू हो सकेगा। रामगढ़ के कुजू में रेलवे ट्रैक धंसने से बरकाकाना- कोडरमा मार्ग में ट्रेन परिचालन ठप हो गया है, जबकि लातेहार के टोरी में ट्रैक पर पानी भर जाने और मिट्टी के कटाव से पांच घंटे तक ट्रेन का परिचालन ठप रहा।

    इन जिलों में हुई सर्वाधिक वर्षा

    जिला सामान्य (जुलाई) 25 जुलाई तक बारिश 22-25 तक हुई बारिश

    रांची 362.4 430.4 200.2

    हजारीबाग 282.2 485.4 219.5

    रामगढ़ 339.3 297.5 189.6

    बोकारो 286.8 365.5 222.8

    पूर्वी सिंहभूम 316.8 365.7 200.9

    सरायकेला 280.9 447.2 232.8

    प. सिंहभूम 271.6 447.3 229.2

    धनबाद 344.8 330.3 167.2

    खूंटी 334.0 353.0 159.1

    लोहरदगा 305.0 385.3 132.4

    नोट : आंकड़े मिलीमीटर में हैं।

    ---

    यह भी पढ़ेंः बाप की मौत के 32 साल बाद ‘पैदा’ हुआ बेटा, जानिए

    यह भी पढ़ेंः प्यार पर लगा पहरा तो घर से भाग कर प्रेमिका ने रचाई शादी