नीरज हत्याकांडः धनबाद जेल से होटवार शिफ्ट हुए विधायक संजीव सिंह
पूर्व डिप्टी मेयर नीरज हत्याकांड में जेल में बंद झरिया के विधायक संजीव सिंह को होटवार जेल में शिफ्ट किया गया है।
रांची/धनबाद, जेएनएन। पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार की हत्या की साजिश रचने के आरोप में धनबाद जेल में बंद भाजपा विधायक संजीव सिंह को आज बिरसा मुंडा केद्रीय कारा, होटवार (रांची) शिफ्ट कर दिया गया। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलेट प्रूफ सफारी गाड़ी में बिठाकर संजीव को होटवार ले जाया गया।
डिप्टी मेयर नीरज सिंह हत्याकांड में मुख्य आरोपी झरिया विधायक संजीव सिंह भारी सुरक्षा के दिन आज करीब 12 बजे रांची लाए गए। बुलेट प्रूफ गाड़ी में उन्हें लाया गया था। उनकी गाड़ी सीधे जेल गेट के भीतर प्रवेश की। उन्हें बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार के अपर डिवीजन वार्ड में शिफ्ट किया गया है।
जेल आइजी सुमन गुप्ता के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। होटवार शिफ्ट करने की चिट्ठी बुधवार की शाम धनबाद उपायुक्त के पास पहुंची थी। इसके बाद गुरुवार सुबह जेल प्रशासन ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी धनबाद को आवेदन देकर होटवार ले जाने की अनुमति मांगी। करीब नौ बजे विधायक को बुलेट प्रूफ सफारी गाड़ी की बीच की सीट पर बैठाया गया।
दोनों तरफ सैप के जवान थे। काफिले मे आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस-प्रशासन की गाडि़यां चल रहीं थी। सबसे आगे बख्तरबंद गाड़ी थी जिसपर सवार जवान मोर्चा लिए हुए थे। इसके साथ ही विधायक संजीव सिंह के परिवार और समर्थको की एक दर्जन से ज्यादा गाडि़यां चल रही थीं।
विधायक संजीव सिंह के चचेरे भाई पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह को 21 मार्च को सरायढेला में गोलियों से भून दिया गया था। इसी मामले में विधायक 11 अप्रैल से धनबाद जेल में बंद थे। खुफिया विभाग ने जेल प्रशासन और जिला प्रशासन को रिपोर्ट दी थी कि जेल में विधायक की जान को खतरा है। इसके बाद जेल आइजी ने पहले दुमका जेल मे शिफ्ट करने का आदेश दिया था। विधायक संजीव के परिजनों और भाजपा विधायकों के विरोध के बाद गुरुवार को दुमका के बजाय रांची भेजा गया। इससे पहले मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी से रांची भेजने की अनुमति प्राप्त की गई।
एसडीएम-डीएसपी ने किया स्कॉट:
तीन दर्जन से ज्यादा सैप के जवानो के घेरे में उन्हे रांची पहुंचाया गया। एसडीएम राकेश कुमार और डीएसपी डीएन बंका खुद विधायक को स्कॉट करते हुए धनबाद जेल से तेलमच्चो तक छोड़ने गए। तेलमच्चो ब्रिज पार कराने के बाद संजीव को बोकारो जिले की पुलिस के हवाले किया गया। बोकारो के बाद रामगढ़ और उसके बाद रांची जिले की पुलिस ने विधायक संजीव को होटवार जेल तक सुरक्षित पहुंचाया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।