विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 05, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

200 आतंकी ढेर करने वाला एनकाउंटर स्पेशलिस्ट गिरफ्तार

By Edited By:
Published: Wed, 05 Jun 2013 01:15 AM (IST)Updated: Wed, 05 Jun 2013 01:16 AM (IST)

News Article Hero Image

भद्रवाह/किश्तवाड़ [स्वर्ण सिंह/बलबीर जंवाल]। दो सौ से ज्यादा आतंकियों को मार चुके और राष्ट्रपति मेडल से सम्मानित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सब इंस्पेक्टर (एएसआइ) शिव कृष्ण शर्मा उर्फ सोनू को आतंकियों को हथियार देने के आरोप में मंगलवार को डोडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। सोनू के साथ हेड कांस्टेबल मुहम्मद आयूब के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उन्हें सीजीएम डोडा के समक्ष पेश कर पुलिस ने दस दिन की रिमांड पर ले लिया। बता दें कि एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सोनू को वर्ष 1999 में आतंकवाद के दौर में बेहतर काम करने पर तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री लाल कृष्ण अडवाणी की सिफारिश पर बतौर एएसआइ बनाया गया था।

पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल, 2013 को आतंकियों ने डोडा के ठाठरी पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला किया था, लेकिन वह फटा नहीं। इस मामले में पुलिस ने एक मई को मुहम्मद रफीक पुत्र मुहम्मद इब्राहिम निवासी बोंजुआ को पकड़ा।

पांच दिन की पूछताछ के बाद उससे एक चाइनीज पिस्टल, तीन मैगजीन, पांच राउंड बरामद किए गए। बाद में कड़ी पूछताछ के बाद मुहम्मद रफीक ने चार अन्य लोगों के नाम दिए। उनकी पहचान अख्तर हुसैन पुत्र शौकत अली मागरे निवासी टांटा ठाठरी, अब्दुल रशीद उर्फ अब्दुल्ला पुत्र मुहम्मद इकबाल हरगा निवासी टांटा, याकूब (27) पुत्र फतेह गुज्जर निवासी बाथरी तहसील गंदोह व अल्ताफ हुसैन (20) पुत्र नजीर अहमद निवासी जोड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने चारों से कड़ी पूछताछ के बाद अख्तर हुसैन से एके-56 राइफल एक, तीन मैगजीन, 143 राउंड, अब्दुल रशीद से दो मोटरोला सेट, याकूब व अल्ताफ हुसैन से एक-एक चाइनीज ग्रेनेड बरामद किए। पांचों से और पूछताछ के लिए सोमवार को उन्हें पुलिस थाना ठाठरी लाया गया। जहां उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्हें यह हथियार सब इंस्पेक्टर शिव कृष्ण शर्मा उर्फ सोनू तथा हवलदार मुहम्मद अयूब ने दिए थे। इन आरोपों के चलते डोडा पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों जिला डोडा पुलिस में तैनात थे, लेकिन बाद में उन्हें जिला किश्तवाड़ अटैच कर दिया गया था।

जिला डोडा में आतंकवाद के चलते पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की यह दूसरी घटना है। तीन वर्ष पहले भाला खिलैनी में तैनात हवलदार दया कृष्ण उर्फ डीके को भी आतंकियों को हथियार देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

13 साल में करोड़ों की संपत्ति का मालिक बना सब इंस्पेक्टर

जागरण संवाद केंद्र, किश्तवाड़ : पुलिस की गिरफ्त में आए एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सब इंस्पेक्टर शिव कुमार शर्मा उर्फ सोनू ने पिछले 13 साल में करोड़ों की संपत्ति बनाई है। एएसआइ सोनू की कहानी भी बड़ी अजीब है।

आतंकवाद के दौर में सोनू पहले सेना के साथ काम करता था। बाद में उसे एसपीओ भर्ती किया गया था। वर्ष 1999 में ठाठरी के पास लेयोटा गांव में हुए नरसंहार के समय सोनू ने आतंकियों के खदेड़ने में अहम भूमिका निभाई थी।

नरसंहार के बाद दौरे पर आए तत्कालीन केंद्रीय गृहमंत्री लाल कृष्ण अडवाणी ने उसकी बहादुरी को देखकर उसे एएसआइ नियुक्त करने की सिफारिश की थी। उसके बाद सोनू ने जो रफ्तार पकड़ी उस देख सभी दंग रह गए। जब भी कोई आतंकी मारा जाता, तो उसमें सोनू का ही नाम होता था। कुछ ही समय में सोनू की पहुंच एसएसपी से ऊपर के अधिकारियों तक पहुंच गई। उसे कई मेडल से भी सम्मानित किया गया। इन तेरह वषरें में आतंकवाद का सफाया करते सोनू ने करोड़ों की संपत्ति बना ली। सोनू के पास कई जगहों पर आलीशान मकान हैं। नकदी व जेवरात की कोई कमी नहीं है। यहां तक कि करीब आधा किलो सोने की चेन सोनू चौबीस घंटे अपने गले में लटकाए रखता है। आतंकियों को मार गिराने पर पुलिस विभाग भी उसे इनाम पर इनाम देता रहा, लेकिन इसकी संपत्ति के बारे में कभी पुलिस विभाग ने जानने की कोशिश नहीं की।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।