रिहायशी इलाके में घुसे तेंदुए को मार डाला
जागरण टीम, बंगाणा : शिकार की तलाश में रिहायशी इलाके में घुसे तेंदुए को गांव के ही एक साहसी युवक ने गोली से उड़ा दिया। यह तेंदुआ पालतू कुत्ते का शिकार कर रहा था और वहीं इस युवक की पत्नी और बच्चा भी फंस गए थे। वन महकमे ने मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम कराकर उसका शरीर नष्ट कर दिया।
जानकारी के मुताबिक रविवार की रात को ऊना-बिलासपुर की सीमा पर एक तेंदुआ कोहडरा पंचायत के गाव धरेत के सतीश कुमार पुत्र बलवंत सिंह के घर में आधी रात को आ घुसा। शिकार की तलाश में आए इस तेंदुए ने पहले घर के एक पालतू कुत्ते को शिकार बनाया और तभी घर के बाहर गई सतीश की पत्नी वंदना और छह वर्षीय बच्चा रोबिन वहीं फंस गए। शौचालय से घर के बीच तेंदुआ होने से उनके पास घर पहुंचने का कोई चारा नहीं था। तेंदुए को देख कर महिला और उसका बच्चा जोर से चिल्लाए और उनकी आवाज सुनकर सतीश कुमार ने बाहर आकर स्थिति को देखा और परिवार के सदस्यों को बचाने के लिए घर के समीप बैठे तेंदुए को गोली से भून दिया। स्थानीय उपप्रधान रविन्द्र बैंस ने वन महकमे के अधिकारियों को दिए बयान में बताया कि सतीश कुमार के छह वर्षीय बेटे रोबिन सिंह को उल्टियां और दस्त लगे हुए थे। रविवार रात करीब एक बजे रोबिन सिंह ने अपनी माता वंदना कुमारी से शौचालय जाने के लिए कहा। घर से शौचालय थोड़ी दूरी पर होने के कारण वंदना कुमारी अपने पुत्र रोबिन को लेकर चली तो उसके साथ उनका पालतू कुत्ता भी चल पड़ा। घर से बीस मीटर की दूरी पर तेंदुए ने उनपर हमला बोल दिया और कुत्ता तेंदुए के शिकंजे में आ गया। वंदना के चिल्लाने की आवाज सुनकर सतीश कुमार ने अपनी आत्मरक्षा के लिए रखी गन से तेंदुए पर फायर कर दिया। सतीश कुमार ने तुरंत सूचना प्रधान नीलम कुमारी व उपप्रधान रविन्द्र बैंस को दी। स्थानीय प्रधान व उपप्रधान ने तुरंत डीएफओ, रेंज आफिसर व पुलिस को सूचित कर दिया। सुबह करीब तीन बजे पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा मृतक तेंदुए को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में कार्यकारी वन परिक्षेत्र अधिकारी डॉ. मनीश रामपाल ने वेटरनरी विभाग को सूचना दी तथा जंगल में जाकर तेंदुए का पोस्टमार्टम किया और गठित टीम में एएसआइ चरणजीत, डा.मनीश रामपाल, स्थानीय प्रधान नीलम कुमारी, उपप्रधान रविन्द्र बैंस, वार्ड पंच दीप कुमार के सामने मृत तेंदुए के शरीर को नष्ट कर दिया। उपमंडलाधिकारी केसी चौधरी ने घटनास्थल का जायजा लिया। वन विभाग तथा पुलिस विभाग ने आत्मरक्षा के लिए तेंदुए पर गोली दागने वाले सतीश कुमार के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने की पुष्टि की है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।