यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मनी लॉड्रिंग केस में पेश न होने पर ईडी ने वीरभद्र सिंह को फिर भेजा समन
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पेश न हो ने पर ईडी ने हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह को फिर समन भेजा है।

नई दिल्ली, प्रेट्र । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को फिर से समन भेजा है। मनी लांड्रिंग से संबंधित मामले में मुख्यमंत्री गुरुवार को हाजिर नहीं हो सके। अनुपस्थित रहने के कारण एजेंसी ने उन्हें नई दिल्ली में जांच अधिकारी के सामने 20 अप्रैल को हाजिर होने के लिए कहा है। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने बताया कि नया समन पीएमएलए के प्रावधानों के तहत भेजा गया है। मुख्यमंत्री एकबार पहले भी सरकारी प्रतिबद्धता के बहाने हाजिर नहीं हुए थे। लेकिन इस बार उन्होंने अनुपस्थित रहने का कारण बताया है या नहीं इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
वीरभद्र सिंह से मनी लांड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत पूछताछ की जाएगी और उनका बयान रिकार्ड किया जाएगा। संबंधित मामले में एजेंसी उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह और बेटे विक्रमादित्य से पूछताछ कर चुकी है।प्रवर्तन निदेशालय ने यह कदम तब उठाया है जब वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी एवं अन्य के खिलाफ सीबीआइ आरोप पत्र दायर करने के करीब है। यह आरोप पत्र आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 10 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति जमा करने के मामले में दायर किया जाएगा।
