Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    आदमखोर तेंदुआ ढेर

    By Edited By:
    Updated: Wed, 16 Jan 2013 01:05 AM (IST)

    ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    वरिष्ठ संवाददाता, भराड़ी : प्रोफेशनल शूटरों की विफलता के बाद सक्रिय हुए परनाल गांव के शूटरों की टीम ने दो दिन के भीतर आदमखोर तेंदुओं में से एक को मार गिराया है।

    सलाओं पंचायत क्षेत्र के तहत आने वाले एक जंगली इलाके में कुत्तों व हथियारों के साथ पीछा करते हुए स्थानीय शूटरों की टीम ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को गोली मारकर खत्म कर दिया। शूटरों ने वन विभाग के अधिकारियों व स्थानीय विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव राजेश धर्माणी को सूचित किया। करीब डे़ढ़ घंटे के बाद मौके पर डीएफओ डीआर कौशल व उनसे पहले आए भराड़ी के रेंजर गरजा राम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लिया। तेंदुए को गोली मारने की खबर फैलते ही कई गांवों से लोग शव को देखने के लिए उमड़ पड़े। वन विभाग के अधिकारियों के साथ शूटरों व स्थानीय लोगों ने एक जीप में डालकर तेंदुए को सड़कों पर घुमाया। इसके करीब एक घंटे बाद तेंदुए के शव को लेकर वन विभाग के अधिकारी विभाग के भराड़ी स्थित कार्यालय परिसर में पहुंचे। तेंदुए को देखने के लिए हजारों लोग मौके पर पहुंच गए। शाम होने तक लोग तेंदुए के साथ फोटो खिचवाते रहे और शव का वीडियो बनाते रहे। इसके बाद वन विभाग के अधिकारी तेंदुए के शव को बिलासपुर ले गए हैं। वहां शिमला से आने वाले चिकित्सक उसका पोस्टमार्टम करेंगे। परनाल गांव के रहने वाले शूटरों वार्ड सदस्य हेमराज, मनोज कुमार बिट्टू, सेवानिवृत फौजी जगन्नाथ ठाकुर, युवा नेता ध्यान सिंह ठाकुर, सलाओं गांव के रहने वाले निक्कू राम, बम निवासी संतोखा राम, परनाल गांव के रहने वाले बलवीर बीरा, जोगिंद्र सिंह आदि ने बताया कि डीएफओ डीआर कौशल की ओर से उन्हें आदेश मिलने के बाद उन्होंने तेंदुओं को तलाशना शुरू किया था। मंगलवार दोपहर बाद सलाओं के भराड़ी के रास्ते पर भटेड़ क्षेत्र में वे अपने पालतू कुत्तों को लेकर जा रहे थे। कुत्तों के अचानक हरकत में आने के बाद उन्होंने तेंदुए का पीछा करना शुरू किया। काफी देर बाद सलाओं से खनोट वाली एक पहाड़ी की ढांक के नीचे वे तेंदुए के साथ पहुंच गए। वहां उन्होंने तेंदुए को कुत्तों के साथ घेर लिया। मुख्य शूटर प्रकाश चंद बिल्लू ने तुरंत अपनी लाइसेंसी राइफल से तेंदुए पर गोली दाग दी। इसके बाद बाकी शूटरों ने भी अपनी पोजीशन ली। पहली गोली तेंदुए को माथे पर लगी जिससे वह मौके पर ही तड़पते हुए ढेर हो गया। शूटरों ने तुरंत इलाके के विधायक राजेश धर्माणी को फोन किया और बताया कि उन्होंने तेंदुआ ढेर कर दिया है। इसके बाद ग्रामीणों को पता चलते ही कई लोग मौके पर एकत्रित होने शुरू हो गए। मौके पर पहुंचे लोग तेंदुए के शव के चारों ओर जमा होने शुरू हो गए। इस बीच, आरओ गरजा राम ने स्थानीय लोगों की मदद से एक ट्रैक्टर में तेंदुए को शव को बम तक पहुंचाया। बाद में लोगों की उत्सुकता को देखते हुए एक शूटर ध्यान सिंह ठाकुर की जीप के आगे तेंदुए के शव को बांध दिया गया। परनाल इलाके से होते हुए बम, सलाओं के मार्ग से तेंदुए को लोगों को दिखाते हुए भराड़ी के रेंज ऑफिसर कार्यालय में पहुंचाया गया। वहां कई घंटे तक लोग तेंदुए को देखते रहे जिसे बाद में पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।

    मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर