आइएएस की बेटी का हरियाणा भाजपा अध्यक्ष के बेटे पर छेड़छाड़ का आरोप, गिरफ्तार
हरियाणा के भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के के बेटे पर छेड़छाड़ के आरोप लगे हैं। आरोप राज्य के एक आइएएस की बेटी ने लगाए हैं। ...और पढ़ें

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के बेटे पर एक आइएएस अफसर की बेटी ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। इस हाईप्रोफाइल छेड़छाड़ मामले के बाद पुलिस सकते में आ गई। मामले में सेक्टर-26 पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया और बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया।
पुलिस को दी शिकायत में आइएएस की बेटी ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला के पुत्र विकास बराला और आशीष कुमार गत दिवस शराब के नशे में धुत थे। वह जब कार से ग्रीन मार्केट से गुजर रही थी तो विकास व आशीष ने अपनी कार से उसका पीछा करना शुरू कर दिया। इस दौरान वह कमेंट करते रहे और उसकी गाड़ी पर कई बार हाथ मारा। दोनों युवक एलएलबी के छात्र हैं। युवती की शिकायत पर चंडीगढ़ पुलिस ने गत देर रात 12.30 बजे दोनों आरोपियों को हाउसिंग बोर्ड के पास से गिरफ्तार कर लिया था।
सेक्टर-26 पुलिस थाने में पत्रकारों से बातचीत में डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। थाने में 354 डी के तहत मामला दर्ज कर दिया गया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ की गई और बाद में आरोपियों को थाने से ही जमानत दे दी गई। डीएसपी सतीश कुमार दूसरी बार प्रेस कांफ्रेंस कर कहा था कि विकास बराला और आशीष के खिलाफ कुछ और नई धाराएं जोड़ी गई हैं। यह धाराएं पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद जोड़ी गई हैं। पीड़िता ने अपने 164 के बयान में किडनैपिंग की बात नहीं की है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन पर राजनीतिक दबाव है तो उन्होंने कहा कि एेसा कुछ नहीं है।
जल्द आ जाएगा सच सामने : बराला
वहीं, सुभाष बराला का कहना है कि विकास बराला के मामले में हम कानून का सम्मान करते हैं। कानून ने अपना काम किया है। जल्द ही सच माननीय न्यायालय के माध्यम से सबके सामने आ जाएगा। कानून पर उनका पूरा भरोसा है।
यह भी पढ़ें: जबरन भतीजी के बिस्तर में घुसा युवक, धमकी देकर किया दुष्कर्म
जांच के लिए चंडीगढ़ पुलिस सक्षम : मनोहर लाल
वहीं, मामले पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि उनके संज्ञान में यह मामला आया है। मामले की जांच में चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह सक्षम है। पुलिस मामले की सही जांच करेगी।
यह विपक्ष का षड्यंत्र
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता राजीव जेटली ने मामले को षडयंत्र बताया। कहा कि प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला की लोकप्रियता से घबराकर विपक्षी नेताओं ने कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर षड्यंत्र रचने शुरू कर दिए हैं। विपक्षी नेताओं में उभरते हुए युवा भाजपा नेता से असुरक्षा की भावना पैदा होने की वजह से उन्हें बदनाम करने के लिए बच्चों का सहारा लेना पड़ रहा है। ऐसे नेता व अधिकारियों की मंशा व उनके द्वारा रचे गए षड्यंत्र को जल्द ही उजागर किया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।