जनाब, अगर खाने के शौकीन हैं तो पहुंच जाइए कनॉट प्लेस, यहां चल रहा है फूड फेस्ट
मेले में लखनऊ की लजीज बिरयानी को भी चखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा राजस्थान की प्याज कचौरी, बिहार का लिट्टी-चोखा और बनारस के पान का स्वाद भी लिया जा सकता है।
नई दिल्ली [जेएनएन]। पुरानी दिल्ली के रेशमी कबाब, मुगलई बिरयानी, दौलत की चाट व चाट-पकौड़ी का स्वाद लेने के लिए आपको पुरानी दिल्ली का रूख नहीं करना होगा। पुरानी दिल्ली के बेहतरीन जायकों का लुत्फ कनॉट प्लेस स्थित बाबा खड़ग सिंह मार्ग पर आयोजित फूड फेस्ट में ले सकते हैं। इस मेले में लखनऊ की लजीज बिरयानी को भी चखने का मौका मिलेगा। इसके अलावा राजस्थान की प्याज कचौरी, बिहार का लिट्टी-चोखा और बनारस के पान का स्वाद भी लिया जा सकता है।
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) द्वारा आयोजित इस फूड फेस्ट में 60 से ज्यादा नामी गिरामी रेस्तरां भाग ले रहे हैं। यहां करोल बाग की मशहूर गणेश फिश कॉर्नर की मछली के कई जायके भी खाने को मिलेंगे।
केजरीवाल के खिलाफ डॉक्टर का सत्याग्रह, 'आप' के 'चंदे' को लगा ग्रहण
गणेश फिश कॉर्नर के मुख्य शेफ प्रेम कुमार चम्मच से नहीं बल्कि हाथ से ही मछली फ्राइ करते हैं। पुरानी दिल्ली की गलियों में इन दिनों मिलने वाले दौलत की चाट का भी स्टॉल लगा है। दौलत की चाट बनाने वाले खेमचंद कुमार ने कहा कि पुरानी दिल्ली में चाट चाव से खाया जाता है। नई दिल्ली में रहने वाले भी इसका स्वाद ले सकते हैं। फूड फेस्ट में रंग जमाने के लिए राजस्थान के लोक कलाकार भी पहुंचे हुए हैं, जो आपको प्रस्तुती देते दिखाई देंगे। शुक्रवार को शुरू हुआ यह फूड फेस्ट 30 दिसंबर तक चलेगा।