विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 23, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

स्पॉट फिक्सिंग: गुरु की चौखट तक पहुंची पुलिस

By Edited By:
Published: Thu, 23 May 2013 07:46 AM (IST)Updated: Thu, 23 May 2013 10:09 PM (IST)

मुंबई/चेन्नई। आइपीएल में स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी की तफ्तीश मुंबई पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस ने गुरुवार को ...और पढ़ें

News Article Hero Image

मुंबई/चेन्नई। आइपीएल में स्पॉट फिक्सिंग और सट्टेबाजी की तफ्तीश मुंबई पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस ने गुरुवार को चेन्नई सुपरकिंग्स [सीएसके] के मालिक और बीसीसीआइ प्रमुख एन श्रीनिवासन के दामाद गुरुनाथ मयप्पन के घर पर दस्तक दे दी। हालांकि मयप्पन अपने घर पर नहीं मिले। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अब पूछताछ के लिए उन्हें शुक्रवार को मुंबई बुलाया है। बता दें कि सट्टेबाजी मामले में गिरफ्तार अभिनेता विंदू दारा सिंह से लगातार संपर्क में होने के कारण मुंबई पुलिस उनसे पूछताछ करना चाहती है। इस बीच, आइपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला श्रीनिवासन और मयप्पन के बचाव में उतर आए हैं। उनका कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती तब तक किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचना चाहिए।

मयप्पन से पूछताछ के लिए उपायुक्त सत्यनारायण चौधरी के नेतृत्व में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की चार सदस्यीय टीम गुरुवार को समन के साथ चेन्नई पहुंची। सीएसके के सीईओ मयप्पन के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त हिमांशु रॉय ने मुंबई में बताया कि चार अधिकारियों की टीम को मयप्पन के घर में कोई नहीं मिला। इसलिए समन की एक कॉपी उनके घर पर चस्पा करते हुए दूसरी कॉपी सीएसके के दफ्तर में एक मैनेजर को सौंप दी गई। सीएसके के सीईओ मयप्पन को शुक्रवार को सुबह 11:00 से शाम 5:00 बजे के बीच मुंबई में अपराध शाखा के समक्ष पेश होने को कहा गया है। रॉय के मुताबिक मयप्पन और विंदू को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने कहा कि विंदू ने काफी खुलासे किए हैं। हम मयप्पन से इसकी पुष्टि करना चाहते हैं। बहरहाल, मयप्पन कहां हैं? इसको लेकर तरह-तरह की अटकलें हैं। कुछ रिपोर्टो में कहा गया है कि वह कोलकाता के लिए निकल चुके थे। जबकि कुछ बता रहे हैं कि सीएसके और मुंबई इंडियंस के बीच मंगलवार को हुए पहले प्ले-ऑफ मैच के बाद से वह दिल्ली में ही जमे हैं। जबकि कुछ में उनके मुंबई में होने की बात कही जा रही है।

पूछताछ के लिए मयप्पन के पेश न होने की स्थिति में मुंबई पुलिस के अगले कदम के सवाल पर रॉय ने कहा कि प्रक्रिया के मुताबिक अगर कोई व्यक्ति पूछताछ के लिए पेश नहीं होता तो उसे भगोड़ा करार दिया जा सकता है। साथ ही उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के लिए अदालत में अर्जी दी सकती है। वैसे बड़ी शख्सियत होने के कारण हम उम्मीद करते हैं कि वह शुक्रवार को अपना बयान दर्ज कराने के लिए पेश होंगे। विंदू के दावों की पुष्टि के लिए उनके बयान जरूरी हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में रॉय ने कहा कि फिलहाल सीएसके के किसी खिलाड़ी या प्रबंधन के सदस्य का नाम सामने नहीं आया है। उन्होंने सट्टेबाजी के रैकेट में अंडरव‌र्ल्ड कनेक्शन से इन्कार नहीं किया। पुलिस के मुताबिक दिवंगत अभिनेता दारा सिंह के बेटे विंदू के फोन कॉल्स रिकार्ड से पता चला है कि वह मयप्पन के साथ लगातार संपर्क में थे। यहां तक कि एक दिन में दोनों के बीच 35 बार बातचीत भी हुई।

पिछले पांचों आइपीएल में विंदू को हुआ नुकसान

विंदू दारा सिंह ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि आइपीएल के पिछले पांचों संस्करणों में उन्हें सट्टेबाजी में नुकसान उठाना पड़ा था। जबकि छठे संस्करण में उन्हें 17 लाख रुपये का लाभ हुआ। अपराध शाखा के मुखिया हिमांशु रॉय ने बताया कि विंदू के इस दावे की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि छठे संस्करण में मुनाफे के पीछे कहीं उनके क्रिकेट से जुड़े लोगों से नए संपर्क तो नहीं हैं। बिग बॉस सीजन 3 के विजेता रहे विंदू को सट्टेबाजी में लिप्त होने और दो सट्टेबाजों को दुबई भागने में मदद करने के आरोपों में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। विंदू को आइपीएल मैचों के दौरान वीआइपी बॉक्स में सीएसके के कप्तान एमएस धौनी की पत्‍‌नी साक्षी के साथ भी देखा जा चुका है।

'मुंबई और दिल्ली पुलिस जांच में सक्षम हैं। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले उन्हें अपनी जांच पूरी कर लेने देना चाहिए। जांच से पहले किसी को दोषी कैसे करार दे सकते हैं।' - राजीव शुक्ला, आइपीएल चेयरमैन

पढ़ें : श्रीसंत की अय्याशी, गर्लफ्रेंड पर लुटाए पैसे

वहीं, आईपीएल 6 स्पॉट फिक्सिंग की जांच कर रही दिल्ली पुलिस को उस समय करारा झटका लगा जब मुंबई पुलिस ने उसे श्रीसंत के कमरे से मिले सामान की जानकारी देने से इंकार कर दिया। दिल्ली पुलिस ने एक खत लिखकर मुंबई पुलिस से जानकारी देने का आग्रह किया था, लेकिन मुंबई पुलिस ने आग्रह ठुकरा दिया। दिल्ली पुलिस ने सबूत के तौर पर श्रीसंत का लैपटॉप मांगा था। मांग ठुकराए जाने के बाद दोनों के बीच एकबार फिर मतभेद उभरकर सामने आ गया।

वैसे फिक्सिंग पर पहली बार बोलते हुए केंद्रीय मंत्री पी.चिदंबरम ने कहा कि अभी दिल्ली-मुंबई पुलिस जांच कर रही हैं। सही समय आने पर ईडी और दूसरी एजेंसियां भी अपना काम करेंगी।

पढ़ें : विंदू के गहरे राज, श्रीसंत को सप्लाई करते थे लड़कियां

दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस की एक टीम सीसीटीवी फुटेज लेने चंडीगढ़ के मैरियट होटल पहुंची है। यह वही होटल है, जहां 8 और 9 मई को राजस्थान रॉयल्स की पूरी टीम ठहरी थी। होटल के सीसीटीवी फुटेज में श्रीसंत कुछ बुकी के साथ दिख रहे हैं। इसी की जांच के लिए दिल्ली पुलिस होटल पहुंची है। साथ ही पुलिस ने राजस्थान रॉयल्स के सभी मुकाबलों के वीडियो फुटेज की भी मांग की है।

श्रीसंत का एक और टेप आया सामने, जानिए क्या कहा उसमें

जहां तक श्रीनिवासन के दामाद मयप्पन की बात है तो गत दिनों एक अखबार में दिए साक्षात्कार में उन्होंने बताया था कि वह, धौनी और सीएसके के कोच स्टीफन फ्लेमिंग मैच से पूर्व 11 खिलाड़ियों की अपनी-अपनी सूची साझा करते हैं। सूत्रों के मुताबिक अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मयप्पन सट्टेबाजी में जुड़े थे। वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) हिमांशु रॉय के मुताबिक दिवंगत अभिनेता दारा सिंह के बेटे विंदू सट्टेबाजी में पूरी तरह लिप्त थे। इस साल सट्टेबाजी के जरिये उन्होंने करीब 17 लाख रुपये कमाए। अभिनेता के जुहू स्थित घर की तलाशी में पुलिस को फरार सट्टेबाज पवन जयपुर के तीन मोबाइल फोन और विंदू का एक लैपटॉप और आइपॉड बरामद हुए हैं। इनका डाटा निकाला जा रहा है।

पढ़ें : मुश्किल में धौनी की पत्‍‌नी साक्षी

रॉय ने बताया कि विंदू ने दो सट्टेबाजों पवन जयपुर और संजय जयपुर को 17 मई को मुंबई से दुबई भागने में मदद की थी। 14 मई को मुंबई पुलिस ने सट्टेबाजी के अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पर्दाफाश करते हुए रमेश व्यास और तीन अन्य सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए पवन और संजय भूमिगत हो गए थे। 16 मई को पवन-संजय मुंबई पहुंचे और विंदू की मदद से जुहू के एक होटल में ठहरे। इसके बाद विंदू दोनों को अपनी कार से एयरपोर्ट ले गए, जहां से दोनों दुबई भाग गए। विंदू 'जैक' के नाम से सट्टेबाजी का धंधा चला रहे थे। वह सात-आठ सालों से इस काम में लिप्त थे। वह हाई-प्रोफाइल लोगों की ओर से भी सट्टा लगाते थे और जीतने पर कमीशन पाते थे।

स्पॉट फिक्सिंग के और खुलासे जानने के लिए क्लिक करें

यह पूछे जाने कि क्या विंदू ने किसी बॉलीवुड की हस्ती का नाम लिया है उन्होंने कहा कि विंदू खुद बॉलीवुड से जुड़े हैं। इस कारण उनके फोन में इस इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के नंबर हो सकते हैं। बता दें कि सट्टेबाजों से संपर्क के आरोप में बिग बॉस सीजन 3 के विजेता 49 वर्षीय विंदू दारा सिंह को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।