विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जवाब नहीं स्लोवर यॉर्कर का, जानिए मैच के पांच रोमांचक पल

By Edited By:
Published: Mon, 10 Jun 2013 11:29 AM (IST)Updated: Mon, 10 Jun 2013 12:06 PM (IST)

(चंदन सिंह) नई दिल्ली। न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेला गया आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का चौथा मुकाबला काफी मजेदार रहा। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

(चंदन सिंह) नई दिल्ली। न्यूजीलैंड और श्रीलंका के बीच खेला गया आइसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का चौथा मुकाबला काफी मजेदार रहा। लो स्कोरिंग मुकाबले में दोनों टीमों के गेंदबाजों का प्रदर्शन देखकर वाकई में काफी मजा आया। न्यूजीलैंड तो श्रीलंका से 1 विकेट से जीत गया, लेकिन आखिर तक यह कह पाना मुश्किल था कि कौन-सी टीम विजेता बनेगी।

जानिए, उस फैसले के बारे में, जिसने श्रीलंका से जीत छीन लिया

आइए, जानते हैं रविवार को खेले गए इस मुकाबले के पांच ऐसे पल, जिससे रोमांच दोगुना हो गया :

1. पहली गेंद पर ही विकेट गिरा :

दोनों देशों के बीच खेले गए मुकाबले का रोमांच पहली गेंद पर ही काफी बढ गया। काइले मिल्स की पहली गेंद पर ही कुशल परेरा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। वह गेंद परेरा के बल्ले का बाहरी किनारा लेती हुई दूसरी स्लिप में गई, जहां ब्रेंडन मैक्कुलम खड़े थे। उन्होंने हवा में छलांग लगाते हुए बहुत ही शानदार कैच लपक लिया।

2. एक के बदले दूसरा हो गया रन आउट :

जब मैच आखिरी पलों में था और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 5 रनों की जरूरत थी, तभी एक ऐसा विकेट गिरा, जिसकी कल्पना न तो बल्लेबाज ने की थी और ना ही किसी श्रीलंकाई खिलाड़ी ने। 35वें ओवर की पांचवीं गेंद पर टिम साउदी ने मिड ऑन पर शॉट खेला और रन लेने के लिए तेजी से भागे। श्रीलंकाई क्षेत्ररक्षक थिसारा परेरा ने साउदी को आउट करने के लिए थ्रो किया, लेकिन गेंद विकेट पर नहीं लगी। सभी श्रीलंकाई खिलाड़ी अफसोस जताने लगे, तभी वह गेंद दूसरी छोर पर जाकर विकेट से टकरा गई। उस छोर पर काइले मिल्स थे। वे अपने आप को सुरक्षित महसूस कर दौड़ लगा रहे थे, लेकिन तीसरे अंपायर की मदद से उन्हें रन आउट करार दे दिया गया। यानी थ्रो किया गया साउदी के लिए और रन आउट हो गए काइले मिल्स।

पूरी मैच रिपोर्ट पढ़ने के लिए क्लिक करें

3. एक रन के भीतर गिरे 3 विकेट :

लो स्कोरिंग मैच का रोमांच उस वक्त और बढ़ गया, जब 1 रन के भीतर न्यूजीलैंड के 3 बल्लेबाज आउट हो गए। 48 के स्कोर पर केन विलियम्स दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। इसके बाद 49 के स्कोर पर मार्टिन गुप्टिल और रॉस टेलर आउट हो गए। विलियम्स को लसिथ मलिंगा ने आउट किया, जबकि रॉस टेलर को रंगना हेराथ और गुप्टिल को शमिंदा इरांगा ने आउट किया।

लाइव कमेंटरी के साथ फुल स्कोरबोर्ड देखने के लिए क्लिक करें

4. मलिंगा का आखिरी ओवर :

श्रीलंकाई गेंदबाज लसिथ मलिंगा का आखिरी ओवर देखने लायक था। न्यूजीलैंड को जीत के लिए 5 रनों की जरूरत थी और उसके पास 1 विकेट ही बचा था। स्ट्राइक पर टिम साउदी थे। उस ओवर में मलिंगा ने सिर्फ 1 रन दिए, वो भी वाइड से। इसके अलावा उन्होंने उस ओवर में तीन खतरनाक यॉर्कर गेंदें फेंकी। टिम साउदी ने काफी मुश्किलों के साथ उस ओवर का सामना किया और खुद को बचाने में सफल रहे। हर गेंद पर साउदी के आउट होने का खतरा था, लेकिन उन्होंने अपने आप को बचा लिया।

जानिए : पाकिस्तानी कप्तान ने मैदान पर ही क्या कर दी बड़ी भूल

5. शानदार स्लोवर यॉर्कर :

श्रीलंकाई गेंदबाज लसिथ मलिंगा ने नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर एक ऐसा स्लोवर यॉर्कर डाला, जो बहुत ही कम देखने को मिलता है। केन विलियम्स उस गेंद पर चूक गए और अंपायर ने उन्हें पगबाधा आउट करार दे दिया। इसके बाद विलियम्स ने रिव्यू का सहारा लिया। उसमें भी उन्हें आउट करार दिया गया। रविवार को खेले गए मुकाबले में मलिंगा अपने पूरे रंग में थे। उन्होंने 10 ओवरों में 2 मेडन सहित 34 रन देकर 4 विकेट हासिल किए।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर