Result Scam : ऊषा JDU से बर्खास्त, लालकेश्वर के साथ कर सकती हैं सरेंडर
बिहार बोर्ड के रिजल्ट घोटाला के आरोपी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद व उनकी पत्नी ऊषा सिन्हा सरेंडर कर सकते हैं। ऊषा सिन्हा को जदयू ने पार्टी से बर्खास्त कर दिया है।

पटना [वेब डेस्क]। बिहार बोर्ड के इंटर रिजल्ट घोटाला के बाद आरोपों से घिरीं जदयू नेत्री व पूर्व एमएलए डॉ. ऊषा सिन्हा को पार्टी ने बर्खास्त कर दिया है। इस बीच खबर मिली है कि वे अपने पति व बिहार बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद के साथ कोर्ट में सरेंडर कर सकती हैं। लालकेश्वर अपने पद से इस्तीफा देने के बाद फरार हैं तो उषा सिन्हा को गंगा देवी महिला कॉलेज के प्राचार्य पद से हटाया जा चुका है।
पटना की कोर्ट ने लालकेश्वर प्रसाद व उषा सिन्हा के खिलाफ गैर जमानती वारंट निर्गत कर दिया है। इसके पहले से ही दोनों फरार हैं। सूत्र बताते हैं कि वे उसी रात दिल्ली के लिए निकल गए थे। पुलिस कार्रवाई में विलंब के कारण वे भागने में सफल रहे। पुलिस को आशंका है कि वे लंदन भाग सकते हैं, जहां उनका बेटा रहता है। पटना के एसएसपी ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से विभिन्न हवाई अड्डों पर सघन जांच का आग्रह किया है।
पुलिस की लापरवाही से मिला भागने का मौका
सूत्र बताते हैं कि बिहार बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष लालकेश्वर प्रसाद ने राजधानी एक्सप्रेस से भागने का प्लान बनाया था। लेकिन, अंतिम समय में उन्होंने प्लान बदलकर पहले ही निकल जाने का फैसला किया। लालकेश्वर की फरारी की आशंका के बावजूद नामालूम कारणों से पुलिस अलर्ट नहीं रही। इसका फायदा उठा वे भागने में सफल रहे।
बीते आठ जून को राजधानी एक्सप्रेस के रवाना होने के समय एसएसपी मनु महाराज पुलिस टीम के साथ पटना जंकशन पहुंचे, लेकिन इससे पहले लालकेश्वर की ट्रेन आगे निकल चुकी थी। जिस समय पुलिस राजधानी एक्सप्रेस में छानबीन कर रही थी, उस समय लालकेश्वर मुगलसराय क्रॉस कर चुके थे। बाद में पुलिस ने अन्य ट्रेनों की आरक्षण सूची की भी जांच की, लेकिन उनके नाम से बर्थ आरक्षित होने की पुष्टि नहीं हो सकी।
पुलिस कार्रवाई की भनक लगी तो छोड़ दी ट्रेन
सूत्र बताते हैं कि उन्होंने पकड़े जाने के डर से आरक्षित टिकट नहीं लिया था। ऐसे में उन्होंने टीटीई को जुर्माना देकर मुगलसराय तक की यात्रा की। मुगलसराय में जब उन्हें पटना जंक्शन पर उनकी खोज में हो रही पुलिस कार्रवाई का पता चला तो उन्होंने पकड़े जाने के डर से ट्रेन को छोड़ दिया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से वाराणसी पहुंचे, फिर वहां से गोरखपुर में अपने किसी निकटवर्ती व्यक्ति के घर छुपे रहे।
गोरखपुर से भाग गए दिल्ली
बच्चा राय के पुलिस के सामने सरेंडर व उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब उनके आवास पर दिन में चार बार पुलिस पहुंची, तो लालकेश्वर ने गोरखपुर से दिल्ली भाग जाने में ही भलाई समझी। सूत्रों के अनुसार लालकेश्वर के रिजल्ट घोटाला की ही आरोपी अपनी पत्नी ऊषा सिन्हा के साथ दिल्ली में छुपे होने की संभावना है। पटना पुलिस भी ऐसा ही मानकर चल रही है। पुलिस टीम दिल्ली जाने की तैयारी में है।
कोर्ट के आदेश से बढ़ा दबाव तो कर सकते सरेंडर
अब कोर्ट ने लालकेश्वर को फरार घोषित कर दिया है। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी को लेकर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। कुर्की जब्ती की कर्रवाई भी संभावित हैं। निश्चित तौर पर इससे लालकेश्वर पर दबाव बढ़ेगा। अब कहा जा रहा है कि वे शीघ्र ही सरेंडर कर सकते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।