Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    CM नीतीश ने दिया भोज: भाजपा नेता हुए शामिल, राजनीतिक गलियारे में चर्चा

    By Kajal KumariEdited By:
    Updated: Tue, 28 Mar 2017 08:14 PM (IST)

    मुख्यमंत्री नीतीश कुुमार ने सोमवार को रात्रिभोज पर विधानमंडल के सभी सदस्यों को निमंत्रित किया था, साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं को भी बुलाया था। कुछ नेता आए तो कुछ नहीं पहुंचे।

    CM नीतीश ने दिया भोज: भाजपा नेता हुए शामिल, राजनीतिक गलियारे में चर्चा

    पटना [राज्य ब्यूरो]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा सोमवार को 1, अणे मार्ग (मुख्यमंत्री आवास) में विधायकों को भोज दिया गया। मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये रात्रि भोज में राज्यपाल समेत पक्ष-विपक्ष के विधायक और विधान पार्षद बड़ी संख्या में शामिल हुए। 

    भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुशील कुमार मोदी, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा विधायकों व विधान पार्षदों ने मुख्यमंत्री के भोज में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी। लेकिन विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री के भोज का बहिष्कार किया। नंदकिशोर यादव भी नदारद रहे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
    राज्यपाल ने बजट सत्र के दौरान सोमवार को विधायकों को सुबह के नाश्ते पर आमंत्रित किया था। उसी दौरान एक भाजपा विधायक ने यह प्रस्ताव दिया कि मुख्यमंत्री को भी विधायकों को भोज देना चाहिए। भाजपा के कई नेताओं ने इस पर सहमति जतायी थी।
    मुख्यमंत्री के भोज से लौटने के क्रम में भाजपा विधानमंडल दल के नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि यह किसी पार्टी का आयोजन नहीं था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भोज में विधायकों व विधान पार्षदों को आमंत्रित किया था। निजी निमंत्रण था। भोज को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए।
    जबकि नेता प्रतिपक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि होमगार्ड के आंदोलनरत 71 हजार जवानों की मांग को अनसुनी करने व नियोजित शिक्षकों पर लाठीचार्ज के विरोध मेंं उन्होंने भोज का बहिष्कार किया है। वहीं नंदकिशोर यादव के संबंध में बताया गया कि वे पटना में नहीं हैैं। 

    भोज में शामिल होने वालों में मुख्य रूप से राज्यपाल रामनाथ कोविंद, विधान परिषद के सभापति अ‌वधेश नारायण सिंह, विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव समेत राज्य सरकार के तमाम मंत्रिगण, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी आदि शामिल हुए।

    शाम सात बजे से ही मंत्रियों-विधायकों का एक अणे मार्ग में आना शुरू हो गया था। मुख्यमंत्री सभी को पूछ-पूछ कर भोजन करा रहे थे। घूम-घूम कर सभी से पूछ रहे थे कि आप भोजन किये या नहीं।  

    सभी दलों के नेता डेढ़-दो घंटे तक वहां रहे और एक साथ भोजन का आनंद लिया। कई तरह के व्यंजनों का लोगों ने स्वाद लिया। वेज-नॉन वेज के अलावा कुल्फी, जलेबी और बालूशाही आदि मिठाई का सभी ने जमकर स्वाद लिया। भाजपा की ओर से पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, विनोद नारायण झा, संजय मयूख आदि भी भोज में शामिल हुए।