विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सहरसा की बेटी है पाकिस्तान में फंसी गीता, पिता ने दिए साक्ष्य

By Kajal KumariEdited By:
Published: Thu, 15 Oct 2015 05:01 PM (IST)Updated: Thu, 15 Oct 2015 10:01 PM (IST)

गलती से बॉर्डर पार कर पाकिस्तान पहुंच गई मूक-बधिर लड़की गीता का असली नाम हीरा है। अब वह जल्द ही ...और पढ़ें

News Article Hero Image

सहरसा। पाकिस्तान में फंसी गीता सहरसा की मूल निवासी हीरा है। चार दिनों पूर्व जिले के धाप कबीरा गांव निवासी जनार्दन महतो गांव में चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने वाले सुरेश व कुछ अन्य परिजनों के साथ नई दिल्ली में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मिलकर गीता के अपनी पुत्री हीरा होने के संबंध में साक्ष्य उपलब्ध कराए थे। इसके बाद आज विदेश मंत्री ने ट्वीट किया कि गीता (हीरा) के परिजनों का पता चल गया है।

सुरेश ने बताया कि विदेश मंत्री से मिलकर उन्हें हीरा के साथ और बिना उसके भी पारिवारिक तस्वीरें एवं कागजात उपलब्ध कराए गए थे। लुधियाना में रहकर नौकरी कर रहे हीरा के पिता जनार्दन महतो ने विदेश मंत्री को बताया था कि उनकी पुत्री हीरा गूंगी-बहरी है। उसकी पीठ पर मस्सा और ललाट पर तिल है। बचपन में दोनों भौंहों के बीच गोदना का निशान था जो बड़े होने के बाद खिसक गया।

उन्होंने यह भी बताया कि हीरा की बचपन में ही उमेश महतो नामक व्यक्ति से शादी हुई थी। उसको एक पुत्र भी हुआ, जिसका नाम संतोष रखा गया। वह 2004 में करतारपुर (पंजाब) के पास से मेला में गुम हो गई। तब से उसका पता नहीं चल सका।

सुरेश के अनुसार, विदेश मंत्री ने उनसे मिले दस्तावेजों को पाकिस्तान में भारतीय दूतावास को भिजवाया। दूतावास के अधिकारी ने जब गीता (हीरा) को जनार्दन महतो और उसकी पत्नी की तस्वीर दिखाई तो वह रोने लगी। इससे अधिकारी आश्वस्त हो गए कि महतो का दावा सही है।

सुरेश के अनुसार कानूनी औपचारिकता के लिए गीता (हीरा) को भारत लाकर डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। उसे 26 अक्टूबर को परिवार वालों को सौंपे जाने की संभावना है। हीरा की चचेरी बहन विनीता का कहना है कि इस सूचना के बाद पूरे गांव में उत्साह का माहौल है। हीरा का गांव वापस लौटने पर भव्य स्वागत किया जाएगा।

टीवी चैनलों में पाकिस्तान में एक लड़की के फंसे होने तथा इसकी तस्वीर जारी होने के बाद उसे देखकर जनार्दन महतो ने गांव वालों को इसकी जानकारी दी। फिर गांव के ही सुरेश ने इस मामले में उनकी मदद की और मामले को सार्वजनिक कराया।

अब विदेश मंत्री के इस ट्वीट ने परिजनों के मन में हीरा की वापसी की आस जगा दी है कि गीता के परिजन का पता लग गया है। वह बिहार की है। वह शीघ्र भारत लाई जा रही है। यहां डीएनए टेस्ट के बाद उसे परिवार वालों के हवाले कर दिया जाएगा।