पाकिस्तान में सुरक्षाबलों ने 7 आतंकियों को किया ढेर, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सबसे अधिक हमले
आतंकी हमलों से पाकिस्तान जूझ रहा है। अब पाकिस्तानी सेना ने आतंकियों के सफाया का मूड बना लिया है। डेरा इस्माइल और उत्तरी वजीरिस्तान जिले में सेना ने बड़े ऑपरेशन को अंजाम दिया। इसमें सात आतंकियों के मारे जाने की खबर हैं। वहीं पांच अन्य आंतकी घायल हैं। पाकिस्तान सेना का कहना है कि ऑपरेशन सफाया जारी रहेगा। पिछले कुछ दिनों में पाकिस्तान में कई आतंकी हमले हुए हैं।

पीटीआई, पेशावर। पाकिस्तान में सुरक्षाबलों ने सात आतंकवादियों को मार गिराने में सफलता हासिल की है। सेना ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में दो अलग-अलग ऑपरेशन में इन आतंकियों को ढेर किया है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, " 8और 9 फरवरी की रात को सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की कथित मौजूदगी पर डेरा इस्माइल खान जिले के मद्दी में आईबीओ ऑपरेशन चलाया। सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के ठिकाने को निशाना बनाया। इसमें तीन आतंकियों की जान गई है और दो अन्य घायल हैं।
वजीरिस्तान में चार आतंकी ढेर
उत्तरी वजीरिस्तान जिले के मीर अली इलाके में एक अलग अभियान चलाया गया। यहां सुरक्षा बलों ने चार आतंकियों को ढेर किया है। तीन अन्य घायल हैं। सेना की मीडिया शाखा ने कहा कि अन्य आतंकवादियों को खत्म करने के लिए सफाई अभियान शुरू किया गया है। उधर, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सफल अभियान के लिए सुरक्षा बलों की सराहना की। उन्होंने कहा, "पूरा देश सुरक्षा बलों को सलाम करता है। हम देश से आतंकवाद को खत्म करने के लिए दृढ़ हैं।"
इन दो राज्यों में सबसे अधिक हमले
यह अभियान आतंकवाद विरोधी निरंतर प्रयास का हिस्सा है। 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी हमलों में इजाफा देखने को मिल रहा है। आतंकवाद से सबसे अधिक खैबर पख्तूनख्वा और उसके बाद बलूचिस्तान प्रभावित है। दोनों की राज्यों की सीमा अफगानिस्तान से लगती है।
74 आतंकी हमलों में 91 की मौत
थिंक टैंक पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2025 में देश में आतंकवादी हमलों में तेज वृद्धि देखी गई। पिछले महीने की तुलना में यह वृद्धि 42 प्रतिशत अधिक है। आंकड़ों से पता चलता है कि देशभर में कम से कम 74 आतंकवादी हमले हुए हैं। इनमें 91 लोगों की मौत हुई। मृतकों में 35 सुरक्षाकर्मी, 20 नागरिक और 36 आतंकवादी शामिल हैं। घायलों की संख्या 117 हैं। इनमें 53 सुरक्षा कर्मी, 54 नागरिक और 10 आतंकवादी हैं।
अपहरण के बाद दो पुलिस अधिकारियों की हत्या
टीटीपी से जुड़े आतंकवादियों ने रविवार को अपहरण के बाद दो पुलिस अधिकारियों की हत्या कर दी है। पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से इन अधिकारियों का अपहरण किया गया था। तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) से जुड़े अपहरणकर्ताओं ने गोलीबारी का वीडियो भी बनाया। पुलिस ने बताया कि दोनों अधिकारियों को बाका खेल पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में बाका खेल मंडी से अगवा किया गया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।