ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत ने की पाकिस्तान की मदद, दोनों देशों के अधिकारियों ने साधा संपर्क; क्या हुई बात?
पाकिस्तान प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है जहां बाढ़ के कारण 300 से अधिक लोग अपनी जान गँवा चुके हैं। इस बीच भारत ने तवी नदी में संभावित बाढ़ के बारे में पाकिस्तान को सूचित किया है। हालाँकि सिंधु जल संधि स्थगित है फिर भी भारत ने पाकिस्तान के अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें संभावित खतरे के बारे में आगाह किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पाकिस्तान भारत के सामने किसी मामले में टिक नहीं सकता। बावजूद इसके वह अक्सर भारत की ओर आंख उठाकर देखने का प्रयास करता है। हाल के दिनों में तो पाकिस्तान के फील्ड मार्शल सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने भारत को परमाणु हमले की गीदड़भभकी भी दे दी।
इन सब के बाद भी ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत ने पाकिस्तान की बड़ी मदद की है। पाकिस्तान के कई इलाकों में बाढ़ का कहर है, जिसके कारण 300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। इस बीच भारत ने पाकिस्तान के अधिकारियों को तवी नदी में बाढ़ की जानकारी दी है। आइए आपको पूरी जानकारी बताते हैं...
भारत ने बाढ़ को लेकर पाकिस्तान को किया आगाह
गौरतलब है कि सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट में बताया गया कि भारत ने तवी नदी में संभावित बाढ़ के बारे में पाकिस्तान को आगाह किया है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सिंधु जल संधि (IWT) स्थगित है।
वहीं, द न्यूज ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से बताया कि भारत ने संभावित बाढ़ के बारे में जानकारी साझा करने के लिए पाकिस्तान से संपर्क किया है। ध्यान देने योग्य बात है कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद ये पहला मौका है जब दोनों देशों के अधिकारियों के बीच संपर्क स्थापित किया गया हो।
हालांकि, भारत या पाकिस्तान में से किसी की ओर से इस घटनाक्रम को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बता दें कि आमतौर पर, ऐसी जानकारी सिंधु जल आयुक्त के माध्यम से साझा की जाती है। तावी नदी जम्मू से पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में जाती है।
रविवार को भारत ने बाढ़ के बारे में किया आगाह
अखबार ने सूत्रों का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत ने जम्मू में तवी नदी में संभावित बड़ी बाढ़ के बारे में पाकिस्तान को आगाह किया है। अखबार ने आगे कहा कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग ने रविवार को यह चेतावनी दी।
भारत ने स्थगित किया है सिंधु जल समझौता
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के एक दिन बाद ही भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन लिया था। इसी दौरान भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को स्थगित भी किया। (समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।