Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    खोपड़ी, पसलियां और हड्डियां... अमेरिकी महिला का फेसबुक पर अनोखा बिजनेस, पुलिस ने किया गिरफ्तार

    Updated: Sun, 13 Apr 2025 03:41 PM (IST)

    अमेरिका के फ्लोरिडा से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। किम्बरली शॉपर नामक 52 वर्षीय महिला हड्डियों की खरीद-बिक्री करते पाई गई। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर छानबीन शुरू की तो महिला के पास कंकाल जैसी 2 खोपड़ियां पसलियां समेत हड्डियों के कई टुकड़े मिले। जांच में सामने आया कि यह हड्डियां 500 साल से भी पुरानी हैं।

    Hero Image
    अमेरिका के फ्लोरिडा में हड्डियां बेचने वाली महिला किम्बरली शॉपर। फोटो- सोशल मीडिया

    डिजिटल डेस्ट, नई दिल्ली। अमेरिका के फ्लोरिडा में एक महिला को इंसानों की हड्डियां बेचने के अपराध में गिरफ्तार किया गया। यह महिला फेसबुक पर मानव के कंकालों का सौदा करती थी। 52 वर्षीय आरोपी महिला का नाम किम्बरली शॉपर है, जो खोपड़ी और पसलियों के टुकड़े फेसबुक के जरिए ऑनलाइन बेचा करती थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शॉपर पर इंसानों की हड्डियों की खरीद बिक्री का आरोप लगा है। पुलिस ने 11 अप्रैल को उसे गिरफ्तार किया था। वहीं, 7,500 डॉलर यानी 6.45 लाख रुपए के बॉन्ड पर शॉपर को रिहा कर दिया गया है।

    फ्लोरिडा में था बिजनेस

    फॉक्स 35 ऑरलैंडो की रिपोर्ट के अनुसार शॉपर अवैध तरीके से मानव हड्डियों की खरीद-बिक्री कर रही थी। फ्लेरिडा की ऑरेंज सिटी में उसका अपना बिजनेस है, जिसका नाम विकेड वंडरलैंड है। इसी बिजनेस के अंतर्गत शॉपर जानबूझकर हड्डियां खरीदती और बेचती थीं। पुलिस ने शॉपर को हिरासत में लेकर वोलुसिया काउंटी जेल भेज दिया। हालांकि अब उन्हें बॉन्ड के आधार पर जेल से रिहा कर दिया गया है।

    यह भी पढ़ें- क्या है मस्क और ट्रंप का 'टॉप सीक्रेट'? सोशल मीडिया पर वायरल हुई मीटिंग की ये तस्वीर

    फेसबुक से बेचती थीं हड्डियां

    21 दिसंबर 2023 को पुलिस ने शॉपर के खिलाफ जांच शुरू की थी। फ्लोरिडा पुलिस को शॉपर के अवैध बिजनेस की सूचना मिली। पुलिस को पता चला कि शॉपर फेसबुक पेज के माध्यम से मानव हड्डियां बेचती हैं। साथ ही पुलिस को शॉपर के खिलाफ कुछ तस्वीरें भी मिलीं, जिनमें उनके द्वारा बेची जाने वाली हड्डियों की लिस्ट भी मौजूद थी।

    पुलिस को क्या-क्या मिला?

    रिपोर्ट्स के मुताबिक इस लिस्ट में 2 मानव खोपड़ी, 1 हंसली, कंधे की हड्डी, पसली और आंशिक खोपड़ी शामिल थी। पुलिस ने सभी सबूतों को एकजुट करके जांच के लिए भेजा। पुलिस ने ऑरेंज सिटी में मौजूद शॉपर की दुकान पर भी छापा मारा। आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि शॉपर पिछले काफी समय से इस दुकान में हड्डियां बेच रही थीं।

    शॉपर ने कबूल किया गुनाह

    बता दें कि फ्लोरिडा में हड्डियां खरीदना और बेचना कानूनी रूप से अपराध माना जाता है। फॉक्स 35 ऑरलैंडो के अनुसार शॉपर खुद अपना गुनाह कबूल किया है। शॉपर ने पुलिस को बताया कि उन्होंने मानव हड्डियों के सभी टुकड़े एक निजी विक्रेता से खरीदे थे। उनके पास इसके सभी दस्तावेज मौजूद हैं और यह सभी हड्डियां असली हैं।

    सदियों पुरानी हड्डियां

    शॉपर के अनुसार वो फ्लोरिडा में हड्डियों की खरीद-बिक्री पर बने कानून से अंजान थीं। वहीं जांच रिपोर्ट की मानें तो शॉपर के पास मिली हड्डियां सदियों पुरानी हैं। जांच के दौरान खोपड़ी 100 साल से ज्यादा साल पुरानी और बाकी हड्डियां 500 साल से भी अधिक पुरानी होने के संकेत मिले हैं।

    यह भी पढ़ें- अमेरिका में अप्रवासियों को 24 घंटे क्यों साथ रखने होंगे ये दस्तावेज? ट्रंप के नए नियम से H1B वीजा और ग्रीन कार्ड वालों में भी मचा हड़कंप