SpaceX का कमाल: 15 घंटे में चार यात्रियों को पहुंचाया अंतरिक्ष, जानें किस देश ने सिर्फ 3 घंटे में पूरी की थी ये यात्रा
स्पेसएक्स ने सफलतापूर्वक चार अंतरिक्ष यात्रियों को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पहुंचाया। नासा के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र से यह यात्रा 15 घंटे में पूरी हुई। यात्रियों में नासा के जेना कार्डमैन और माइक फिन्के जापान के किमिया युई और रूस के ओलेग प्लाटोनोव शामिल हैं। ये सभी छह महीने स्पेस स्टेशन पर रहेंगे और उन चार सहयोगियों की जगह लेंगे जो पहले से ही ISS में हैं।

एपी, केप कैनावेरल। SpaceX (स्पेसएक्स) ने शनिवार को चार अंतरिक्ष यात्रियों के एक नए दल को सफलतापूर्वक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) तक पहुंचाया।
नासा के कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र से यह यात्रा मात्र 15 घंटे में पूरी की गई। ISS तक सबसे तेज यात्रा का रिकॉर्ड रूस के नाम है, जिसने तीन घंटे में वहां यात्रियों को पहुंचाया था।
अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचे यात्रियों में नासा के जेना कार्डमैन और माइक फिन्के, जापान के किमिया युई और रूस के ओलेग प्लाटोनोव शामिल हैं। कैप्सूल के डॉक होते ही फिन्के ने रेडियो पर कहा, ''हेलो, अंतरिक्ष स्टेशन।''
कब तक स्पेस में रहेंगे ये लोग?
बता दें, ये सारे लोग स्पेस स्टेशन पर छह महीने बिताएंगे। कार्डमैन और एक अन्य अंतरिक्ष यात्री को पिछले साल नासा के दो फंसे अंतरिक्ष यात्रियों बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स के लिए जगह बनाने के लिए स्पेसएक्स की उड़ान से हटाया गया था।
फिन्के और युई अगले स्टारलाइनर मिशन के लिए प्रशिक्षण ले रहे थे। हालांकि, थ्रस्टर और अन्य समस्याओं के कारण स्टारलाइनर के 2026 तक उड़ान न भरने के कारण दोनों ने स्पेसएक्स का रुख किया।
किसकी जगह लेंगे ये अंतरिक्ष यात्री?
प्लाटोनोव को कुछ समय पहले एक अज्ञात बीमारी के कारण सोयुज प्रक्षेपण दल से हटा दिया गया था। शनिवार को अंतरिक्ष यात्रियों के वहां पहुंचने से अस्थायी रूप से ISS पर उनकी संख्या 11 हो गई है। ये अंतरिक्ष यात्री उन चार सहयोगियों की जगह लेंगे जो मार्च से ही ISS में हैं। इन चारों को बुधवार तक वापस लाया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।