ट्रंप ने संभाली अमेरिका की सत्ता; ड्रग तस्कर घोषित होंगे आतंकी, दूसरों की जंग में नहीं जाएगी US सेना, 15 बड़े एलान
डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश की सत्ता संभाल ली है। उन्होंने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद तोपों की सलामी दी गई। जेडी वेंस ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली है। शपथ लेने के बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का स्वर्णिम युग शुरू हो गया है।

एपी, वाशिंगटन। डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश की सत्ता संभाल ली है। उन्होंने सोमवार को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद तोपों की सलामी दी गई। जेडी वेंस ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली है। शपथ लेने के बाद ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का स्वर्णिम युग शुरू हो गया है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रंप को बधाई दी है।
20 जनवरी को बताया मुक्ति दिवस
भारतीय समय अनुसार, रात लगभग 10.30 बजे ट्रंप ने यूएस कैपिटल के अंदर बाइबिल पर हाथ रखकर शपथ ली। मुख्य न्यायाधीश जान राबर्ट्स ने उन्हें शपथ दिलाई। ट्रंप से पहले उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शपथ ली। कड़ाके की ठंड के कारण इस बार शपथग्रहण यूएस कैपिटल के अंदर कैपिटल रोटुंडा (हाल) में आयोजित किया गया। कैपिटल रोटुंडा कैपिटल बिल्डिंग में गुंबद के नीचे है।
शपथ ग्रहण के बाद अपने जोशीले भाषण में ट्रंप ने 20 जनवरी को ''मुक्ति दिवस'' बताया और घोषणा की कि ''अमेरिका का पतन समाप्त हो चुका है'' क्योंकि बहुत जल्द परिवर्तन होने वाला है।
अमेरिका का इस्तेमाल नहीं कर सकेगी दुनिया
ट्रंप ने कहा कि पहले दिन ही कई कार्यकारी आदेश दूंगा। हमारी नीति अमेरिका फर्स्ट की होगी। बदलाव की आज से शुरुआत होगी। दुनिया अमेरिका का इस्तेमाल नहीं कर सकेगी। अमेरिका सबसे शक्तिशाली, सबसे सम्मानित राष्ट्र के रूप में अपना उचित स्थान पुन: प्राप्त करेगा। उन्होंने भ्रष्टाचार, महंगाई खत्म करने का वादा किया।
क्यों खास है ट्रंप का ये कार्यकाल?
ट्रंप अमेरिका के इतिहास में दूसरे राष्ट्रपति हैं जो राष्ट्रपति के पहले कार्यकाल के बाद हार गए लेकिन चार साल बाद फिर राष्ट्रपति बनने में कामयाब रहे। ट्रंप ने राष्ट्रपति चुनाव में कमला हैरिस को हराया है। ट्रंप का पहला कार्यकाल 2017 से 2021 तक रहा। इससे पहले ग्रोवर क्लीवलैंड अमेरिका के 22वें और 24वें राष्ट्रपति रहे थे।
उनका पहला कार्यकाल 1885-89 तक और दूसरा कार्यकाल 1893-97 तक था। ट्रंप अमेरिका के पहले राष्ट्रपति हैं जिन्हें किसी अपराध में दोषी ठहराया गया है। न्यूयार्क की एक जूरी ने ट्रंप को एक पोर्न स्टार को दी गई गुप्त रकम को छिपाने के लिए हेराफेरी करने का दोषी पाया है।
मैक्सिको सीमा पर आपातकाल की घोषणा
अमेरिका को महान बनाने के लिए 'ईश्वर ने बचाया' चुनाव अभियान के दौरान जुलाई में खुद पर हुए हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, मेरी जिंदगी भगवान ने अमेरिका को महान बनाने के लिए बचाई। उन्होंने कहा, सबसे पहले, मैं हमारी दक्षिणी सीमा (अमेरिका-मैक्सिको सीमा) पर राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा करूंगा।
सभी अवैध घुसपैठ को तुरंत रोक दिया जाएगा। अवैध प्रवासियों को वहीं भेजा जाएगा जहां से वे आए थे। इसके लिए प्रक्रिया जल्द शुरू करेंगे। गौरतलब है कि मेक्सिको सीमा से बड़ी संख्या में अवैध प्रवासी अमेरिका में घुसते हैं।
बाइडन ने ट्रंप से कहा- व्हाइट हाउस में आपका स्वागत है
शपथ ग्रहण से पहले ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस पहुंचे थे, जहां बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन ने हाथ मिलाकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा, व्हाइट हाउस में आपका स्वागत है। इससे पहले ट्रंप वाशिंगटन के सेंट जान्स एपिस्कोपल चर्च गए।
इस दौरान टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क, अमेजन के सीईओ जेफ बेजोस और मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग भी उनके साथ थे। इससे पहले ट्रंप और नव-निर्वाचित उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने वर्जीनिया के अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री में सैनिकों की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
बाइडन, ओबामा, जयशंकर समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह में ट्रंप के उनके पूर्ववर्ती जो बाइडन, निवर्तमान उपराष्ट्रपति कमला हैरिस, पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, जार्ज डब्ल्यू बुश और बिल क्लिंटन मौजूद रहे। इस समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री जयशंकर ने किया। समारोह में ट्रंप की पत्नी मेलानिया, उनकी बेटी इवांका और उनके पति जेरेड कुशनर और अरबपति करोबारी एलन मस्क, जेफ बेजोस और टिम कुक शामिल हुए।
ट्रंप की प्रमुख घोषणाएं
- मैक्सिको की खाड़ी का नाम अमेरिका की खाड़ी किया जाएगा
- मैक्सिको सीमा पर दीवार बनेगी
- पनामा नहर को वापस लिया जाएगा
- सभी प्रकार की सेंसरशिप खत्म होगी
- अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बहाल होगी
- अमेरिका की संप्रभुता बनाए रखेंगे
- ड्रग तस्कर आतंकी घोषित होंगे
- घरेलू तेल उत्पादन को बढ़ाया जाएगा
- राष्ट्रीय ऊर्जा आपातकाल की भी घोषणा
- टैरिफ वसूलने के लिए सरकारी यूनिट बनेगी
- इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की योजना रद होगी
- दूसरों की जंग में अमेरिकी सेना नहीं भेजी जाएगी
- रंगभेद नहीं योग्यता को मिलेगी प्राथमिकता
- दक्षता विभाग की सलाहकार समिति का गठन।
- थर्ड जेंडर खत्म करने का किया एलान।
यह भी पढ़ें: विवेक रामास्वामी छोड़ेंगे एलन मस्क का साथ! ट्रंप ने बनाया DOGE सलाहकार समूह; उठने लगे कई सवाल
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।