दूसरे World War के बाद पहली बार ट्रंप ने इस कानून का किया इस्तेमाल, आखिर क्यों उठाया ये कदम?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एलियन एनिमीज़ एक्ट लागू कर वेनेजुएला के ट्रेन डे अरागुआ गिरोह से जुड़े लोगों को निर्वासित करने का आदेश दिया। यह अधिनियम द्वितीय विश्व युद्ध के बाद पहली बार इस्तेमाल किया गया है। हालांकि संघीय न्यायाधीश जेम्स ई. बोसबर्ग ने निर्वासन पर दो सप्ताह की रोक लगा दी है। ट्रम्प प्रशासन ने इस गिरोह को आक्रमणकारी बल घोषित कर राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला दिया है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को वेनेजुएला के ट्रेन डे अरागुआ गिरोह से जुड़े लोगों को निर्वासित करने के लिए एलियन एनिमीज़ एक्ट (द्वितीय विश्व युद्ध में इस्तेमाल किया गया एक युद्धकालीन कानून) लागू किया। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद इस एक्ट का पहली बार इस्तेमाल किया हुआ है। हालांकि एक संघीय न्यायाधीश ने गिरोह के निर्वासन पर रोक लगा दिया है।
ट्रंप के आदेश ने वेनेजुएला के गिरोह को "हमलावर फोर्स" के तौर पर नामित किया है, लेकिन अमेरिकी जिला न्यायाधीश जेम्स ई बोसबर्ग ने दो सप्ताह के लिए निर्वासन पर रोक लगा दी और कानूनी चुनौतियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को सुनवाई तय की।
एलियन एनिमीज एक्ट आखिर क्या है?
एलियन एनिमीज़ एक्ट एक संयुक्त राज्य संघीय कानून है जिसे 1798 में एलियन और सेडिशन एक्ट के हिस्से के रूप में लागू किया गया था। यह कानून राष्ट्रपति को घोषित युद्ध या आक्रमण के समय शत्रु माने जाने वाले देशों के गैर-नागरिकों को हिरासत में लेने या निर्वासित करने का अधिकार देता है।
यह अधिनियम 18वीं शताब्दी के आखिर में फ्रांस के साथ बढ़ते तनाव के बीच लागू किया गया था, जिसका मकसद विदेशी नागरिकों की ओर से जासूसी और तोड़फोड़ को रोकना था। राष्ट्रपति जेम्स मैडिसन ने 1812 के जंग के दौरान पहली बार इस अधिनियम को अमेरिका में रहने वाले ब्रिटिश नागरिकों पर लागू किया।
प्रथम विश्व युद्ध के दौरान, इस अधिनियम ने दुश्मन देशों के लोगों को हिरासत में लेने और निर्वासित करने में मददगार साबित हुई थी। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान, इस अधिनियम का इस्तेमाल जापानी, जर्मन और इतालवी नागरिकों के साथ-साथ जापानी-अमेरिकी नागरिकों को नजरबंद करने के लिए किया गया था।
डोनाल्ड ट्रम्प ने इस अधिनियम को क्यों लागू किया?
शुक्रवार देर रात, ACLU और डेमोक्रेसी फॉरवर्ड ने ट्रम्प प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दायर किया, जिसमें तर्क दिया गया कि पांच वेनेजुएला के लोगों को एलियन एनिमीज़ एक्ट के तहत निर्वासित किए जाने का "पहले से मंडराता जोखिम" था। संघीय न्यायाधीश, जेम्स बोसबर्ग ने उनके निर्वासन को रोक दिया, जिसके कारण न्याय विभाग ने तत्काल अपील की।
लगभग उसी समय, ट्रम्प प्रशासन ने एल साल्वाडोर के साथ 300 संदिग्ध ट्रेन डे अरागुआ गिरोह के सदस्यों को कैद करने के लिए $6 मिलियन का सौदा किया। शनिवार को ट्रम्प ने सामूहिक निर्वासन को उचित ठहराने के लिए युद्धकालीन शक्तियों का हवाला देते हुए गिरोह को एक आक्रमणकारी बल घोषित कर दिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।