Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पेरिस जलवायु समझौते से हटेगा अमेरिका, बाइडन के आदेश होंगे रद; मृत्युदंड को बहाल करेंगे डोनाल्ड ट्रंप

    Updated: Tue, 21 Jan 2025 05:21 AM (IST)

    Donald Trump डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार यानी 20 जनवरी को अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति की शपथ ली। इसके बाद उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं कीं। ट्रंप ने एलान किया है कि अमेरिका पेरिस जलवायु समझौते से बाहर हो जाएगा। ट्रंप ऐसा अपने पहले कार्यकाल में भी कर चुके हैं। ट्रंप अमेरिका में नागरिकता के जन्मसिद्ध अधिकार को भी खत्म कर सकते हैं।

    Hero Image
    पहले दिन डोनाल्ड ट्रंप ने किए कई एलान। ( फोटो- रॉयटर्स )

    रॉयटर्स, वाशिंगटन। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका को अलग करेंगे। ट्रंप के कार्यभार संभालने के बाद व्हाइट हाउस ने कहा, अमेरिका एक दशक में दूसरी बार जलवायु परिवर्तन से लड़ने के वैश्विक प्रयासों से बाहर हो जाएगा। इससे पहले ट्रंप के पहले कार्यकाल में भी अमेरिका पेरिस समझौते से हटा था, लेकिन जो बाइडन के राष्ट्रपति बनने के बाद फिर इसमें शामिल हो गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ट्रंप ने समझौते को धोखा कहा

    जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों से बचने के लिए वैश्विक तापमान को पूर्व-औद्योगिक स्तर से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने के लिए दुनिया के देशों ने यह समझौता किया है। ट्रंप ने इस समझौते को धोखा करार दिया है। ट्रंप राष्ट्रपति पद संभालने के बाद ताबड़तोड़ फैसले लेने वाले हैं।

    ट्रंप के सहयोगियों ने बताया कि अमेरिका की आव्रजन नीतियों में बदलाव लाने, जन्मसिद्ध नागरिकता को समाप्त करने के उद्देश्य से शपथ ग्रहण के तुरंत बाद ट्रंप कई आदेश जारी करने जा रहे हैं।

    मृत्युदंड को करेंगे बहाल

    गौरतलब है कि इस समय अमेरिका में जन्म लेने वालों को अमेरिकी नागरिकता मिल जाती है भले ही उनके माता-पिता अमेरिकी न हों। ट्रंप ने दक्षिणी मैक्सिको सीमा पर राष्ट्रीय आपातकाल लगाने की घोषणा की है। वहां सशस्त्र सेना भेजी जाएगी। शरणार्थियों को अमेरिकी मैक्सिको में प्रतीक्षा करने के लिए बाध्य करने वाली नीति को पुन: लागू करेंगे। मृत्युदंड को बहाल करेंगे, जिसे बाइडन ने निलंबित कर दिया था।

    शुरू करेंगे अमेरिकी इतिहास की सबसे बड़ी निर्वासन कार्रवाई

    शपथ ग्रहण से एक दिन पहले रविवार को वाशिंगटन डीसी में समर्थकों से खचाखच भरे कैपिटल वन एरिना में आयोजित विजय रैली 'मेक अमेरिका ग्रेट एगेन' में उन्होंने कहा कि बहुत जल्द अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा निर्वासन अभियान शुरू कर अवैध प्रवासियों को अमेरिका से बाहर निकाला जाएगा।

    उन्होंने कहा, बहुत जल्द हम अमेरिकी इतिहास में सबसे बड़ी निर्वासन प्रक्रिया शुरू करेंगे। मैं पद संभालने के कुछ ही घंटों के भीतर बाइडन प्रशासन के हर मूर्खतापूर्ण कार्यकारी आदेश को रद कर दूंगा।

    तीसरा विश्व युद्ध नहीं होने देंगे

    ट्रंप ने कहा कि यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने, पश्चिम एशिया में हालात सुधारने अराजकता तथा तृतीय विश्व युद्ध को रोकने के लिए कदम उठाने का भी संकल्प लिया। चीनी एप टिकटॉक को लेकर उन्होंने कहा, हमें टिकटाक को बचाने की जरूरत है क्योंकि हमें बहुत सारी नौकरियां बचानी हैं। हम अपना कारोबार चीन को नहीं देना चाहते। मैंने टिकटॉक को इस शर्त पर मंजूरी दी थी कि अमेरिका के पास टिकटॉक का 50 प्रतिशत हिस्सा होगा।

    इजरायल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौते को पश्चिम एशिया में स्थायी शांति की दिशा में 'पहला कदम' बताते हुए ट्रंप ने दावा किया कि यह समझौता नवंबर में हुए राष्ट्रपति चुनावों में उनकी ऐतिहासिक जीत के कारण ही संभव हो सका।

    शपथग्रहण से पहले पुतिन ने ट्रंप को बधाई दी, कहा वार्ता के लिए तैयार

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ट्रंप को राष्ट्रपति पद संभालने से कुछ घंटे पहले उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए बधाई दी। कहा कि वह यूक्रेन और परमाणु हथियारों के मुद्दे पर नए अमेरिकी प्रशासन के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं। पुतिन ने कहा कि वह यूक्रेन में अल्पकालिक युद्धविराम के बजाय दीर्घकालिक शांति चाहते हैं। पोप फ्रांसिस ने भी ट्रंप को बधाई दी है।

    बाइडन प्रशासन के विनाशकारी कार्यकारी आदेशों को रद करेंगे ट्रंप

    ट्रंप ने कहा कि राष्ट्रपति के रूप में पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटों के भीतर, वह बाइडन प्रशासन द्वारा जारी किए गए दर्जनों विनाशकारी कार्यकारी आदेशों को रद कर देंगे। वाशिंगटन डीसी के नेशनल बिल्डिंग म्यूजियम में कैंडललाइट डिनर के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि मैं अपनी कलम के एक ही झटके से बाइडन प्रशासन के दर्जनों विनाशकारी और आदेशों और कार्यों को रद कर दूंगा।

    शपथ लेते ही ताबड़तोड़ फैसले

    वादे के मुताबिक व्हाइट हाउस ने ट्रंप के शपथ लेते ही पेरिस जलवायु समझौते से अमेरिका के बाहर होने का एलान कर दिया। ट्रंप ने कहा, अमेरिका को समृद्ध बनाने के लिए दूसरे देशों पर कर और शुल्क लगाएंगे। बाहरी राजस्व सेवा प्रणाली स्थापित करेंगे। सभी शुल्क, कर और राजस्व वसूल करेंगे। इससे खजाना भरेगा।

    • मेक्सिको सीमा पर सैनिक, अवैध प्रवासी बाहर होंगे: ट्रंप ने मेक्सिको के साथ लगती सीमा पर घुसपैठ रोकने के लिए सैनिकों को तैनात करने का एलान किया। कहा, अवैध प्रवासियों को वहीं छोड़कर आएंगे, जहां से वे आए हैं। मेक्सिको में ही रहो ... की नीति लागू करेंगे। घुसपैठ रोकने के लिए सीमा पर दीवार बनाएंगे।
    • ड्रग तस्कर आतंकी: ड्रग तस्करी में लिप्त विदेशी संगठित गिरोहों को आतंकी संगठन घोषित किया जाएगा।
    • पनामा नहर को वापस लेंगे: ट्रंप ने कहा, नहर पनामा को सौंपने का फैसला बेवकूफी भरा था। अमेरिकी जहाजों से नहर से गुजरने पर ज्यादा पैसा वसूला जा रहा है।
    • निष्पक्ष न्याय की सुनिश्चितता: ट्रंप ने कहा, सभी के लिए निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। सरकारी सेंसरशिप खत्म करेंगे।
    • महंगाई को थामने के लिए अपने मंत्रिपरिषद को निर्देश जारी करूंगा।
    • मेक्सिको की खाड़ी का नाम अब अमेरिका की खाड़ी किया जाएगा।
    • अमेरिका में सिर्फ दो जेंडर होंगे-स्त्री और पुरुष। तीसरा नहीं।
    • इलेक्ट्रिक गाड़ियों की अनिवार्यता खत्म करेंगे। जीवाश्म ईंधन का उत्पादन बढ़ाएंगे।

    यह भी पढ़ें: विवेक रामास्वामी छोड़ेंगे एलन मस्क का साथ! ट्रंप ने बनाया DOGE सलाहकार समूह; उठने लगे कई सवाल

    यह भी पढ़ें: शपथ लेते ही ट्रंप ने की इमरजेंसी की घोषणा, क्या है ड्रिल बेबी ड्रिल, कैसे SLB कंपनी को होगा फायदा?