Kolkata: तृणमूल ने पूरे बंगाल में पुलिस को अत्याचार करने के लिए बेलगाम छोड़ दिया है : निशिथ प्रमाणिक
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निशिथ प्रमाणिक ने एक रैली में तृणमूल कांग्रेस सरकार पर पूरे बंगाल में पुलिस को जनता पर अत्याचार ढहाने के लिए बेलगाम छोड़ने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में उसके भ्रष्ट शासन को हराने का समय आ गया है। बता दें कि इस रैली को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी संबोधित किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : केंद्रीय गृह राज्यमंत्री निशिथ प्रमाणिक ने तृणमूल कांग्रेस सरकार पर पूरे बंगाल में पुलिस को जनता पर अत्याचार ढहाने के लिए बेलगाम छोड़ने का आरोप लगाया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य में उसके भ्रष्ट शासन को हराने का समय आ गया है। कोलकाता के धर्मतल्ला में आयोजित भाजपा की रैली को संबोधित करते हुए कूचबिहार से सांसद प्रमाणिक ने आरोप लगाया कि तृणमूल सरकार ने राज्य में आतंक का राज कायम कर दिया है और पुलिस ने पूरे राज्य में अत्याचार ढहाए हैं।
प्रमाणिक ने कहा कि राज्य में भ्रष्ट तृणमूल शासन को हराने का समय आ गया है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस को यह भी चेतावनी दी कि राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बाद हर अत्याचार का बदला लिया जाएगा। इस रैली द्वारा 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए बंगाल में भाजपा के प्रचार अभियान के लिए आधार तैयार किए जाने की संभावना है।
अमित शाह ने भी ममता बनर्जी पर साधा निशाना
अमित शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि सोनार बांगला और मां माटी मानुष के नारे के साथ कम्युनिस्टों को हटाकर ममता दीदी सत्ता में आईं। लेकिन बंगाल में कोई परिवर्तन नहीं हुआ। आज भी बंगाल में घुसपैठ, तुष्टिकरण, राजनीतिक हिंसा, भ्रष्टाचार हो रहा है। मैं आज आह्वान करने आया हूं, अगर 2026 में यहां भाजपा सरकार बनानी है, तो इसकी नींव 2024 के लोकसभा चुनाव में डाल कर मोदी जी को देश का प्रधानमंत्री बनाइए।
शाह ने कहा कि 2026 के चुनाव में दो तिहाई बहुमत के साथ बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। लेकिन इससे पहले 2024 का चुनाव आ रहा है। 2019 में आपने 18 सीटें दी थी। मैं आपसे करबद्ध विनती करने आया हूं कि 2024 में इतनी सीटें दीजिए कि मोदी जी को शपथ विधि के बाद कहना पड़े कि मैं बंगाल के कारण प्रधानमंत्री बना हूं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।