Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अक्षय तृतीया पर गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ Chardham Yatra शुरू, इस दिन खुलेंगे बदरी-केदार के द्वार

    Chardham Yatra 2025 चारधाम यात्रा 2023 की शुरुआत हो चुकी है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। कपाट उद्घाटन के बाद पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंच कर मां गंगा के दर्शन किए। इस साल चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के कपाट भी जल्द ही खुलेंगे।

    By Jagran News Edited By: Nirmala Bohra Updated: Wed, 30 Apr 2025 12:37 PM (IST)
    Hero Image
    Chardham Yatra 2025: गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। Jagran

    जागरण संवाददाता, गंगोत्री/ यमुनोत्री (उत्तरकाशी)। Chardham Yatra 2025: विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। इसी के साथ उत्‍तराखंड में चारधाम यात्रा 2025 का श्रीगणेश भी हो गया।

    गंगोत्री धाम में कपाट उद्घाटन के लिए बुधवार को भैरों घाटी से तड़के मां गंगा की उत्सव डोली यात्रा गंगोत्री धाम पहुंची। यहां तीर्थ पुरोहितों के द्वारा कपाट उद्घाटन से पहले पूजा पाठ संपन्न किया गया, इस दौरान मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्री व स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित रहे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह भी पढ़ें- Pahalgam Attack के बाद उत्‍तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर अलर्ट, पुलिस व पर्यटन विभाग को मिली बड़ी जिम्‍मेदारी

    हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा

    श्रद्धालुओं के जयकारे व 14 राजपूताना राइफल्स के बैंड की मधुर स्वर लहरियों के बीच गंगोत्री मंदिर के कपाट 10:30 बजे अभिजीत मुहूर्त में खोले गए, इस दौरान हेलिकॉप्टर से गंगोत्री मंदिर के ऊपर पुष्प वर्षा की गयी।

    कपाट उद्घाटन के बाद पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम पहुंच कर मां गंगा के दर्शन किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा की गई।  साथ ही देश-प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। कपाट उद्घाटन के समय धाम में हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

    विधिविधान से खुले यमुनोत्री धाम के कपाट

    बड़कोट। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को रोहिणी नक्षत्र में विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट विधिपूर्वक खोल दिए गए। ठीक प्रातः 11:55 बजे वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और हर्षोल्लास के बीच धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए। कपाट खुलने के साथ ही अब अगले छह माह तक श्रद्धालु यमुनोत्री धाम में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे।

    इससे पूर्व, प्रातः 8:20 बजे मां यमुना की शीतकालीन निवास स्थली खरसाली गांव से वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों, ढोल-दमाऊ की थाप और यमुना मईया के जयकारों के साथ मां यमुना की भव्य डोली यात्रा यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। इस पवित्र यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, तीर्थयात्री और पंडा-पुरोहित शामिल हुए। डोली यात्रा के साथ भक्तिमय वातावरण में ग्रामीणों ने परंपरागत वेशभूषा और उत्साह के साथ मां यमुना का स्वागत किया।

    इस विशेष अवसर पर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार आधुनिक पैकेजिंग में मां यमुना के महाभोग-प्रसाद का भी शुभारंभ किया गया। यह पहल न केवल धार्मिक महत्व की दृष्टि से, बल्कि स्थानीय महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

    कपाट खुलने के इस शुभ अवसर पर प्रशासन द्वारा धाम में समुचित सुरक्षा, सफाई, जलापूर्ति, स्वास्थ्य और भीड़ नियंत्रण की सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मार्गों की मरम्मत, संकेतचिह्न, चिकित्सकीय सहायता और अन्य व्यवस्थाओं को प्रभावी रूप से लागू किया गया।

    कपाट खुलने के अवसर पर धाम परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक संजय डोभाल, पूर्व विधायक केदार सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी एस. एल. सेमवाल, उपजिलाधिकारी बड़कोट वृजेश तिवारी, पुरोला विधायक मुकेश रमोला, पुलिस उपाधीक्षक, मंदिर समिति के पदाधिकारी, पंडा-पुरोहित समाज, सामाजिक कार्यकर्ता महावीर पंवार, श्रीमती यशोदा राणा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने माँ यमुना के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

    चारधाम यात्रा का पहला पड़ाव शुरू

    यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। उत्तराखंड सरकार द्वारा इस वर्ष यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और पर्यावरण हितैषी बनाने हेतु विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- Nainital आने वाले पर्यटकों से वसूला जाएगा एक और टैक्‍स, जेब पर बढ़ेगा ज्‍यादा भार

    कब खुलेंगे केदारनाथ और बदरीनाथ के कपाट?

    • केदारनाथ धाम कपाट दो मई सुबह 7:00 बजे आम भक्‍तों के दर्शनों के लिए खोल दिए जाएंगे।
    • बदरीनाथ धाम के चार मई सुबह 6:00 बजे विधिविधान से खोल दिए जाएंगे।