यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 23, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
रिवर्स पलायन करने वालों को गोपाल ने दिखाई राह, सेब बागान व जैवकि खेती से संवार रहे भविष्य
रानीखेत के गोपाल का सेब बागान तो फूल-फल रहा ही है उन्होंने बागान में ही धनिया लहसुन व मौसमी सब्जियों की जैविक खेती भी शुरू कर दी है।

अल्मोड़ा, दीप सिंह बोरा : मुश्किल वक्त ही हमें एक सीख भी देता है। आगे बढऩे की दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो परिस्थितियां देर-सबेर अनुकूल हो ही जाती हैं। कोरोना महामारी के कारण लॉकडाउन के बाद दिल्ली में कारोबार बंद कर पहाड़ लौटे एप्पलमैन गोपाल उप्रेती ऐसा ही संदेश दे रहे हैं। रोजी-रोटी का संकट बढऩे पर बाहरी राज्यों से अपने गांवों को लौटे करीब 30 हजार से ज्यादा युवाओं को गोपाल की कृषि बागवानी स्वरोजगार की समृद्ध राह दिखा रही है। गोपाल का सेब बागान तो फूल-फल रहा ही है, बल्कि अब बागान के बीच ही धनिया, लहसुन व मौसमी सब्जियों की जैविक खेती भी लहलहा रही है।
मूल रूप से रानीखेत के सुदूर बिल्लेख गांव (ताड़ीखेत ब्लॉक) निवासी एप्पलमैन गोपाल उप्रेती लॉकडाउन के चलते दिल्ली से लौट आए हैं। दिल्ली में प्रापर्टी कारोबार से जुड़े रहे गोपाल का माटी से मोह कहें या अभावग्रस्त पहाड़ में कुछ करने का जज्बा, 2016 से उन्होंने तैयारी शुरू कर दी थी। गोपाल ने 2016 में 'मिशन एप्पल' के तहत करीब 70 नाली क्षेत्रफल में सेब का बगीचा विकसित किया था। जो उत्तराखंड में मॉडल बना। इधर, कोरोना महामारी की मुश्किल घड़ी ने अब उन्हें एक अवसर दे डाला। वह गांव लौट आए मगर मायूस नहीं बैठे। पहाड़ में ही रहकर माटी को सींच अपने तकदीर संवारने के साथ-साथ दूसरों को भी प्रेरणा दे रहे हैं।
महक रहा जैविक धनिया व लहसुन
एप्पलमैन गोपाल ने मल्टीपल इंटरक्राप के तहत बागान में सेब के पेड़ों के बीच फरवरी में धनिया, लहसुन, पालक आदि की जैविक खेती भी शुरू की है। धनिये की बढिय़ा पौध हुई है। गोबर खाद की खुराक से लहसुन की पौध भी बंपर पैदावार का संकेत दे रही। अब आगे वह मौसमी सब्जियों के उत्पादन के लिए बीज, जैविक खाद एवं खेतों को तैयार कर रहे हैं।
वापस लौटे युवा ले रहे सुझाव
मिसाल बने गोपाल से बाहरी राज्यों से लौटे युवा कृषि बागवानी के गुर सीखने लगे हैं। लॉकडाउन में घर से ही फोन के जरिये गोपाल उन्हें मल्टीपल इंटरक्रॉप की तकनीक, बाजार एवं स्वरोजगार की महत्ता समझा रहे हैं। गोपाल बता रहे हैं कि पहाड़ लौटने के बाद अब युवा आधुनिक तरीके से खेती पर जोर दें। स्यालदे, मानिला, रानीखेत एवं आसपास से तमाम युवा इस महासंकट से उबरने के बाद बगीचे में पहुंच प्रशिक्षण के लिए भी तैयार हैं। वहीं पड़ोसी गांव मुसोली के बंशीधर यहां से प्रेरणा ले कृषि बागवानी को विस्तार देने जा रहे हैं।
जैविक सेब से दिल्ली तक जमाई धाक
राज्य में एप्पलमैन की पहचान बना चुके गोपाल उप्रेती ने पिछले सीजन में सेब की बंपर पैदावार कर दिल्ली तक धाक जमाई थी। ढाई सौ रुपया प्रतिकिलो की दर से उन्नत जैविक सेब उन्होंने बेचा था। प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी बिल्लेख की विविध प्रजातियों वाले सेब खरीद गोपाल की मेहनत को सराहा था ।गोपाल उप्रेती 'एप्पलमैन बिल्लेख गांव ने बताया कि कोरोना महामारी ने देश दुनिया की अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित कर दी है। दिल्ली, महाराष्ट्र, उप्र व अन्य राज्यों से उत्तराखंड में रिवर्स माइग्रेशन वाले करीब 30 हजार से अधिक युवाओं के लिए यह बड़ा संकट है। इन युवाओं को खेती से जुड़कर आजीविका के साधन तलाशने होंगे। ऐसा नहीं है कि पहाड़ में कुछ नहीं हो सकता। मेहनत की जाए तो कुछ भी मुश्किल नहीं। मेरा लक्ष्य अगले पांच साल में समूचे बिल्लेख को मॉडल गांव बनाना है।