मुख्यमंत्रियों की नाकामी छुपाने के लिए उनसे इस्तीफा दिलवाया गया : आप
शनिवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शिशुपाल रावत ने कहा कि उपचुनाव में तीरथ की हार तय थी। इसलिए भाजपा ने संवैधानिक संकट की आड़ लेकर सीएम को बदल दिया। भाजपा ने राज्य की जनता के साथ छलावा किया है।
रामनगर, जागरण संवाददाता : मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के इस्तीफे के बाद आम आदमी पार्टी व उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भाजपा पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक नुकसान को देखते हुए दो सीएम बदलने का आरोप लगाया है।
शनिवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शिशुपाल रावत ने कहा कि उपचुनाव में तीरथ की हार तय थी। इसलिए भाजपा ने संवैधानिक संकट की आड़ लेकर सीएम को बदल दिया। भाजपा ने राज्य की जनता के साथ छलावा किया है। राज्य में भाजपा ने अपने मुख्यमंत्रियों की नाकामी छुपाने के लिए उनसे इस्तीफा दिलवाया है।
गंगोत्री उपचुनाव में तीरथ रावत ने हार के डर से मैदान छोड़ा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि नए मुख्यमंत्री कितने दिन तक सरकार चला पाएंगे। जबकि भाजपा ने वर्ष 2012 में जनता को स्थिर सरकार देने का वायदा किया था। भाजपा के इस रवैये से लगता है कि चुनाव होने तक और भी नाम मुख्यमंत्रियों की लिस्ट में जुड़ सकते हैं।
उधर उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रभात ध्यानी ने कहा कि प्रचंड बहुमत के बाद भी स्थिर सरकार नहीं दे पाई। राज्य की बागडोर दिल्ली में बैठे नेताओं के हाथ में हैं। महंगाई, स्वास्थ्य सेवा, रोजगार, पलायन, आपदा की मार झेल रहे उत्तराखंड में भाजपा के दिल्ली में बैठे नेता कोविड काल में भी अपने फायड़े के लिए यूज एंड थ्रो की राजनीति कर रही है। बदहाल स्वास्थ्य सेवा पर किसी का ध्यान नहीं है।